TODAY छत्तीसगढ़ / रायपुर। संसदीय सचिव एवं विधायक विकास उपाध्याय आज देश में पेट्रोल, तेल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर राजधानी रायपुर में सैकड़ों की संख्या में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं के साथ जबरदस्त प्रदर्शन किया। कांग्रेस के कार्यकर्ता बाईक एवं रसोई गैस की खाली टंकी को घसीटते हुए घड़ी चौक से भाजपा कार्यालय ले जाकर भाजपा के शीर्ष नेताओं के सुपुर्द करने वाले थे, परन्तु लालगंगा के समीप पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। जहाँ केन्द्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी कर कांग्रेस के लोगों ने जनता का ध्यान आकृष्ट करते हुए घण्टों प्रदर्शन किया।
विकास उपाध्याय ने कहा, एक समय वो था जब डाॅ. रमन सिंह पूरे मंत्री मण्डल के साथ महज कुछ पैसे पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर सायकल चलाते विरोध किया करते थे, परन्तु आज बढ़ोतरी 100 रूपये तक पहुँच गई है और इससे केन्द्र सरकार 26 लाख करोड़ मुनाफा कमा चुकी है। दूसरी तरफ देश की जनता लाॅकडाउन से लेकर संक्रमण काल में जूझ रहे आर्थिक तंगी से बेहाल है और उस स्थिति में आ गई है कि बाईक को घसीटने की नौबत पड़ रही है। जिसका जिम्मेदार भाजपा है। उन्होंने कहा, 100 दिन में महंगाई कम करने वाली मोदी सरकार आज जनता को इस हालत में पहुँचा दिया है कि दो रोज की रोटी के लिए सोचना पड़ रहा है। इसके बावजूद भाजपा के लोग जगह-जगह ताण्डव नृत्य करते नजर आ रहे हैं। विकास उपाध्याय ने आज ऐलान किया है कि अब महंगाई के विरोध में आन्दोलन और तेज किया जाएगा और यह तब तक जारी रहेगी, जब तक भाजपा सत्ता से बेदखल नहीं हो जाती।