Slider

कांग्रेस : टिकट के लिए लिए देर रात तक होती रही माथापच्ची, विवादित नामों से किनारा

TODAY छत्तीसगढ़  / नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस की ओर से जारी तीसरी सूची में नगर पालिका परिषद, नगर पालिका निगम, नगर पंचायत के वार्ड प्रत्याशी शामिल हैं। जारी सूची में राजधानी रायपुर और बिलासपुर के अलावा धमतरी, दीपका, मनेन्द्रगढ़, कटघोरा, पाली, छुरी, चिरमिरी, खोंगापानी, नई लेदरी, झगराखंड, जगदलपुर, धमधा, पाटक, कुम्हारी, उतई, बालोद, डौंडी लोहारा, दल्लीराजहरा, गुण्डरदेही, अर्जुन्दा, चिखलाकसा, डौंडी, गुरुर, कवर्धा, सहसपुर लोहारा, बोडला, पिपरिया के वार्ड प्रत्याशियों का नाम शामिल है। 
बताया गया कि रायपुर और बिलासपुर नगर निगम में प्रत्याशी चयन को लेकर सबसे ज्यादा विवाद हो रहा है। बिलासपुर में मौजूदा विधायक शैलेष पाण्डेय अपने समर्थकों को ज्यादा से ज्यादा टिकट दिलाने की जुगत में हैं, तो संगठन की अपनी पसंद है। कहा जा रहा है कि कुछ जगहों पर विधानसभा चुनाव में खिलाफत करने वाले नेताओं को टिकट  देने के लिए भी आपत्ति आई थी । यहां प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव और विधायक शैलेष पाण्डेय की अपनी-अपनी पसंद है। इस वजह से करीब दर्जनभर सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम रोक दिए गए थे । 
हालांकि बुधवार रात करीब डेढ़ बजे जिन नामों पर विवाद की स्थिति बनी रही उसे अंतिम रूप दे दिया गया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव पीएल पुनिया ने बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी, पूर्व बीडीए अध्यक्ष शेख गफ्फार, शहर अध्यक्ष नरेंद्र बोलर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नगर निगम बिलासपुर बसंत शर्मा के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है। इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सार्वजनिक रूप से अपशब्द कहने के आरोपों से घिरे कांग्रेस नेता महेश दुबे का टिकट काटकर वर्तमान पार्षद दीपांशु श्रीवास्तव को ही पुनः मौक़ा दिया गया है। बिलासपुर विधायक शैलेष पांडेय के बेहद करीबी माने जाने वाले कांग्रेस नेता शैलेन्द्र जायसवाल की टिकट काट दी गई है। 
बुधवार को दोपहर 12 बजे बैठक शुरू हुई। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के साथ-साथ प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा चुनाव समिति के सदस्य मौजूद थे। मंगलवार की शाम तक 27 निकायों के उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए गए। आज भी राजनांदगांव, धमतरी, जगदलपुर व कोरबा नगर निगम के वार्ड प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए गए। चुनाव समिति ने इन नामों पर मुहर लगा दी है।
सूत्र बताते हैं कि रायपुर की 70 सीटों को लेकर सबसे ज्यादा खींचतान हो रही है। रायपुर दक्षिण के प्रत्याशी तय करने के लिए महापौर प्रमोद दुबे को शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे व अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष महेन्द्र छाबड़ा को आपस में चर्चा कर नाम देने के लिए कहा गया था। ज्यादातर जगहों पर प्रमोद दुबे ने अपने पसंदीदा लोगों के नाम सुझाए हैं। राजनांदगांव नगर निगम में पूर्व सांसद करूणा शुक्ला की राय को महत्व दिया गया है। इसके अलावा अन्य कई नामों पर भी विचार हुआ है। उम्मीदवारों की घोषणा से पहले पार्टी कार्यालय राजीव भवन में कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक हुई। इस बैठक में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत कई मंत्री और चुनाव समिति के सदस्य शामिल हुए।  छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के तारीख घोषित हो चुके हैं। 30 नवंबर को निकाय चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन पत्र 6 दिसंबर तक भरे जाएंगे और नाम वापसी 9 दिसंबर को होगी। मतदान 21 दिसंबर और मतगणना 24 दिसंबर को होगी ।
© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com