Slider

नगरीय निकाय चुनाव : 21 दिसंबर को मतदान, नामांकन 30 नवंबर से, 24 को मतगणना

TODAY छत्तीसगढ़  / राज्य चुनाव आयोग ने प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव की घोषणा कर दी है। इसी के साथ प्रदेश में चुनाव आचार संहिता भी लागू हो गई है। राज्य सरकार अब नगरीय निकाय क्षेत्रों में लोकार्पण एवं भूमिपूजन नहीं कर सकेगी। प्रदेश के 10 नगर निगमों समेत 151 नगरीय निकायों के 28 सौ 40 वार्डों में चुनाव 21 दिसंबर को कराए जाएंगे। वोटों की गिनती 24 दिसंबर को होगी और उसी दिन नतीजे भी घोषित किए जाएंगे। चुनाव के लिए 5 हजार 406 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है।
राज्य चुनाव आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने सोमवार को यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगरीय निकाय चुनाव की घोषणा की। बताया गया कि नामांकन की प्रक्रिया 30 नवंबर से शुरू होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 दिसंबर है। 7 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 9 दिसंबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह का आबंटन 9 दिसंबर को किया जाएगा। पार्षद के लिए नामांकन फॉर्म आनलाइन भरे जाएंगे। पहली बार आनलाइन मतदाता सूची तैयार की गई है। चुनाव आयोग की आईटी टीम ने इसकी वेबसाइट बनाई है। नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, बीजापुर और सुकमा जिले में वोट सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक डाले जा सकेेंगे। मैदानी इलाकों में वोटिंग सुबह 8 से शाम 5 बजे तक होगी।
राज्य चुनाव आयुक्त ठाकुर रामसिंह ने बताया कि प्रदेश में कुल 10 नगर निगम, 38 नगर पालिका और 103 नगर पंचायत में चुनाव होना है। इसके लिए आरक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। प्रदेश में कुल 5406 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नगर पालिका क्षेत्र में करीब 40 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेेंगे। चुनाव में करीब 21 हजार मतदान कर्मी तैनात किए जाएंगे। प्रदेश में कुल 28 सौ 40 वार्डों में मतदाता अपने पार्षद चुन सकेंगे। TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें 
महापौर, अध्यक्ष पद का आरक्षण -
नगरीय निकाय विभाग की ओर से नगरीय निकायों में महापौर, अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण पहले से पूरा कर लिया गया है। रायपुर नगर निगम को अनारक्षित, जगदलपुर को महिला, बिलासपुर को अनारक्षित, भिलाई को अनारक्षित, भिलाई चरौदा को अनुसूचित जाति, रायगढ़ को अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित घोषित है। इसी तरह अंबिकापुर को अनुसूचित जनजाति, धमतरी को अन्य पिछड़ा वर्ग, राजनांदगांव को अन्य पिछड़ा वर्ग महिला, कोरबा को अन्य पिछड़ा वर्ग, चिरमिरी को महिला, दुर्ग अनारक्षित और बीरगांव नगर निगम को अनारक्षित रखा गया है।
© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com