Slider

कांग्रेस के मंडावी का विधानसभा उपाध्यक्ष बनना तय, निर्विरोध चयन की कोशिश

TODAY छत्तीसगढ़  / भानुप्रतापपुर के कांग्रेस विधायक मनोज मंडावी का निर्विरोध विधानसभा उपाध्यक्ष बनना तय हो गया है। श्री मंडावी ने शनिवार को नामांकन दाखिल किया। विपक्ष ने भी उनका समर्थन किया है।
विधानसभा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, संसदीय कार्यमंत्री रविन्द्र चौबे, राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया और विधायक मोहन मरकाम की उपस्थिति में शनिवार को विधायक मनोज मंडावी ने विधानसभा उपाध्यक्ष के पद के लिए नामांकन दाखिल किया। इसके पहले मनोज मंडावी ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत से उनके कक्ष में जाकर मुलाकात की।
सोमवार को श्री मंडावी के नाम की विधिवत घोषणा की जाएगी। श्री मंडावी ने नामांकन का 9 सेट जमा किया। इनमें एक सेट में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, बृजमोहन अग्रवाल के हस्ताक्षर हैं। इसके अलावा जनता कांग्रेस के नेता धर्मजीत सिंह और प्रमोद शर्मा ने भी समर्थन किया है। एक अन्य नामांकन पत्र में बसपा सदस्य केशव चंद्रा व इंदू बंजारे के हस्ताक्षर हैं। कुल मिलाकर सत्ता पक्ष के साथ-साथ पूरे विपक्ष ने मनोज मंडावी का समर्थन किया है।
ऐसे हुई ताजपोशी...
मंडावी के उपाध्यक्ष बनने के बाद बस्तर को और प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई है। पहले कवासी लखमा को सरकार में मंत्री बनाया गया था। इसके बाद कोंडागांव के विधायक मोहन मरकाम को प्रदेश कांग्रेस संगठन की कमान सौंपी गई। अब तीन बार के विधायक मनोज को विधानसभा उपाध्यक्ष बनाया जा रहा है। सूत्र बताते हैं कि मनोज को पहले मंत्री बनाने की चर्चा थी, लेकिन तब अमरजीत भगत को मंत्री बनाया गया। इसके बाद पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव ने उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का सुझाव दिया था। तब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोहन मरकाम और मनोज मंडावी, दोनों का इंटरव्यू लिया था।
बाद में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मुख्यमंत्री श्री बघेल की पसंद को महत्व देते हुए मरकाम की नियुक्ति की गई, लेकिन यह भी तय था कि सिंहदेव की राय को भी तवज्जों देते हुए मनोज को देर सबेर अहम जिम्मेदारी दी जाएगी। चर्चा तो यह भी है कि मनोज पहले उपाध्यक्ष बनने के लिए ना नुकुर कर रहे थे। उनकी दिलचस्पी मंत्री पद के लिए ज्यादा थी । मगर अमरजीत मंत्री बन गए, तो उनके  पास कोई अच्छा विकल्प नहीं रह गया था।
 इसके बाद संसदीय कार्यमंत्री रविंद्र चौबे पिक्चर में आए और उन्होंने मनोज को उपाध्यक्ष पद संभालने के लिए तैयार कर लिया। मंडावी शुक्रवार को चौबे के साथ ही विधानसभा गए थे। मनोज ने सिंहदेव से भी चर्चा की। इससे पहले उनकी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात भी हुई थी। मनोज के निर्वाचन की कार्रवाई के लिए संसदीय कार्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत से चर्चा की। चुनाव प्रक्रिया शुरू करने के लिए सहमति बनने के बाद विपक्ष को भी विश्वास में लेने  की योजना बनाई गई। TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें -
श्री चौबे ने नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और अन्य भाजपा सदस्य बृजमोहन अग्रवाल व अजय चंद्राकर से भी बात की। सबकी सहमति मिलने के बाद जनता कांग्रेस के नेता धर्मजीत सिंह और बसपा सदस्य को भी मनोज का समर्थन देने के लिए मनाया। धर्मजीत सिंह तो शनिवार को मनोज मंडावी के नामांकन दाखिले के मौके पर मौजूद थे। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम, नगरीय विकास मंत्री डॉ शिव डहरिया, उद्योगमंत्री कवासी लखमा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंडिया और सत्यनारायण शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि इस अवसर पर उपस्थित थे। 
© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com