Slider

लोकसभा चुनाव 19 : 6 वें चरण में 64% मतदान; बंगाल और बिहार में हिंसा

[TODAY छत्तीसगढ़ ] / लोकसभा चुनाव के 6वें चरण के लिए 7 राज्यों की 59 सीटों पर 63.3% मतदान हुआ। इन सीटों पर 2014 में 63.7% वोट पड़े थे। बंगाल में लगातार 6वें चरण में भी हिंसा हुई। इसके बावजूद यहां सबसे ज्यादा 80% मतदान हुआ। झारखंड में 64%, मध्यप्रदेश में 63% और हरियाणा में 65% वोट डाले गए।
बिहार के पश्चिम चंपारण सीट से भाजपा प्रत्याशी संजय जायसवाल पर नरकटिया स्थित बूथ पर भीड़ ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। निजी सुरक्षाकर्मियों ने हवाई फायरिंग कर संजय को बचाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट भी हुई। 
 6 वें चरण में भी हिंसा - 
पश्चिम बंगाल में 6वें चरण में भी हिंसा की खबरें हैं। यहां के घाटल से भाजपा प्रत्याशी पूर्व आईपीएस अफसर भारती घोष के काफिले पर हमला किया गया। उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए। केशपुर मतदान केंद्र के बाहर कथित तौर पर उनके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की गई। हमलावरों से बचने के लिए उन्होंने मंदिर में शरण ली। यहां से वे मंदिर की दीवार फांदकर पुलिस स्टेशन पहुंचीं। भाजपा ने इस घटना के लिए तृणमूल कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है। चुनाव आयोग ने इस मामले में जिला चुनाव अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है।
बंगाल में झारग्राम के गोपीबल्लभपुर में भाजपा कार्यकर्ता का शव मिला है। पार्टी ने तृणमूल पर हत्या का आरोप लगाया है। उधर, पूर्व मिदनापुर के भगवानपुर में भी भाजपा के दो कार्यकर्ताओं अनंता गुचैत और रंजीत मैती को गोली मार दी गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।
 गोली चली, बूथकर्मी की मौत -
बिहार के शिवहर स्थित एक बूथ पर होमगार्ड जवान से गलती से गोली चल गई, जिससे पोलिंग बूथ पर तैनात एक कर्मचारी की मौत हो गई। उधर, मध्यप्रदेश के भिंड में जैतपुरागुढ़ा गांव में बूथ कैप्चरिंग की कोशिश की गई। 
राष्ट्रपति, सोनिया-प्रियंका, राहुल गांधी समेत बड़े नेताओं ने डाला वोट -
6वें चरण के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन कॉम्प्लेक्स में स्थित बूथ पर वोट डाला। वहीं, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने दिल्ली में मतदान किया। इनके अलावा राहुल गांधी, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार शीला दीक्षित, विराट कोहली, भोपाल से भाजपा उम्मीदवार प्रज्ञा ठाकुर, गौतम गंभीर ने भी अपने-अपने बूथों पर वोट डाले। TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें 
 दिग्विजय सिंह वोट नहीं डाल पाए -
भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह राजगढ़ में वोट नहीं डाल पाए। उन्होंने बताया कि वे भोपाल सीट पर ही व्यस्त रहे।
आप ने गड़बड़ी की शिकायत की -
दिल्ली के कई इलाकों में ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत मिली। आप के विधायक सोमनाथ भारती ने कहा कि बूथ संख्या 116, 117 और 122 पर ईवीएम काम नहीं कर रहा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मालवीय नगर के हौजरानी बूथ पर बिना मतदान किए ही 50 वोट डाले गए दिख रहा था। दिल्ली के मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि चांदनी चौक और पश्चिमी दिल्ली में ईवीएम में शिकायत के बाद 5.5 प्रतिशत मशीन बदल दिए गए थे।
दक्षिण दिल्ली से आप प्रत्याशी राघव चड्डा ने आरोप लगाया है कि संगम बिहार में एक बूथ पर भाजपा कार्यकर्ता चार-चार वोट डाल रहे हैं। उन्होंने कहा, "हमने ऐसे 8-10 लोगों की पहचान की है। एक को रंगे हाथों भी पकड़ा। भाजपा के रमेश विधूड़ी बुरी तरह से हार रहे हैं, इसलिए ऐसे काम कर रहे हैं।''
इस चरण में 979 प्रत्याशी मैदान में हैं। 2014 में भाजपा इन 59 सीटों में से 45 पर जीती थी। वहीं, 1 पर सहयोगी पार्टी लोजपा को जीत मिली थी। कांग्रेस ने 2, तृणमूल ने 8, सपा ने 1, इनेलो ने 2 सीटें हासिल की थीं। इस चरण में दिल्ली की 7, बिहार की 8, हरियाणा की 10, मध्यप्रदेश की 8, उप्र की 14, बंगाल की 8, झारखंड की 4 और दिल्ली की 7 सीटों पर मतदान हुआ।
मध्यप्रदेश में मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ सीट पर वोटिंग हुई। बंगाल की बैरकपुर सीट के बूथ नंबर 116 और आरमबाग के बूथ नंबर 110 पर पुनर्मतदान हुआ। इसके अलावा त्रिपुरा के 168 पोलिंग बूथों और पुड्डुचेरी के 1 बूथ पर भी पुनर्मतदान हुआ। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com