[TODAY छत्तीसगढ़] / मुंबई इंडियंस ने रविवार को चौथी बार आईपीएल खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली मुंबई इंडियंस आईपीएल में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीम बन गई है। उसने चेन्नई सुपरकिंग्स को इस मामले में पीछे छोड़ा, जिसने अब तक तीन खिताब जीते हैं। मुंबई और चेन्नई के बीच रविवार को खेला गया फाइनल मुकाबला किसी फिल्म से कम नहीं रहा। इस मैच में नाटक और रोमांच की हदें पार हो चुकी थी।
मुंबई ने हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए आईपीएल-12 के फाइनल में चेन्नई को सांस थाम देने वाले मैच में 1 रन से मात दी। मैच में मुंबई से कई गलतियां जरूर हुई, लेकिन आखिरी ओवर में पूरी बाजी पलट गई और नीली जर्सी वाली टीम इतिहास रचने में कामयाब रही।
20वें ओवर में चेन्नई को 9 रन की जरूरत थी। लसिथ मलिंगा ने आखिरी ओवर की जिम्मेदारी संभाली और स्ट्राइक पर शेन वॉटसन थे।
पहली गेंद: मलिंगा ने लेग स्टंप पर यॉर्कर गेंद डाली। वॉटसन ने लांग ऑन की दिशा में शॉट खेलकर एक रन लिया। अब पांच गेंदों में 8 रन की जरूरत।
दूसरी गेंद: मलिंगा ने मिडिल स्टंप पर नीची फुलटॉस गेंद डाली। जडेजा ने गेंदबाज की दिशा में शॉट खेला। दोनों बल्लेबाज 1 रन लेने में कामयाब हुए। अब चेन्नई को 4 गेंदों में 7 रन की जरूरत
तीसरी गेंद: मलिंगा ने लेग स्टंप के बाहर यॉर्कर डाली, जिस पर वॉटसन ने लांग ऑन की दिशा में शॉट खेला। वॉटसन-जडेजा ने तेजी से दो रन लिए। अब सीएसके को 3 गेंदों में 6 रन की दरकार।
चौथी गेंद: मलिंगा ने ऑफ स्टंप के बाहर यॉर्कर डाली। वॉटसन ने प्वाइंट की दिशा में शॉट खेला और आसानी से एक रन लिया। वॉटसन को स्ट्राइक चाहिए थी, जिसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने जडेजा को दूसरा लेने पर जोर दिया। डीप में मौजूद क्रुणाल पांड्या ने विकेटकीपर को सटीक थ्रो दिया और वॉटसन रनआउट हो गए। चेन्नई को करारा झटका लगा। मुंबई के हाथ बड़ी सफलता लगी। अब चेन्नई को दो गेंदों में चार रन की जरूरत। शार्दुल ठाकुर क्रीज पर आए। TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें
पांचवीं गेंद: मलिंगा ने लेग स्टंप लाइन पर नीची फुलटॉस गेंद डाली। शार्दुल ने डीप बैकवर्ड स्क्वायर की दिशा में शॉट खेला और दो रन दौड़कर लिए। अब चेन्नई को जीत के लिए आखिरी गेंद पर दो रन की दरकार। मुंबई की पूरी उम्मीद लसिथ मलिंगा पर अटकी।
छठी गेंद: यही उलझन रही कि क्या मलिंगा करिश्मा कर पाएंगे या फिर धोनी की सेना चौथी बार खिताब जीतकर इतिहास रचेगी। मलिंगा और कप्तान रोहित ने समय लेकर काफी विचार-विमर्श किया। इसके बाद मलिंगा और विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक ने भी बातचीत की। काफी विचार-विमर्श लेने के बाद मलिंगा गेंद डालने के लिए तैयार हुए। शार्दुल ठाकुर की नजर गैप ढूंढकर दो रन लेने पर। मलिंगा क्या गेंद डालेंगे, इसकी किसी को खबर नहीं। मलिंगा ने रन-अप लेना शुरू किया और धीमी गति की यॉर्कर गेंद मिडिल स्टंप पर डाली। बल्लेबाज लेग साइड पर शॉट खेलने में नाकाम और मलिंगा की जोरदार अपील पर अंपायर ने ऊंगली उठाई। शार्दुल ठाकुर आउट।
मुंबई इंडियंस ने इतिहास रच दिया। मलिंगा हीरो बन गए। रोहित शर्मा की कप्तानी धोनी पर भारी पड़ी। आईपीएल फाइनल का अंत किसी सुपरहिट फिल्म की तरह हुआ। [इनपुट - टाइम्स नाउ]