Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

छत्तीसगढ़ में सात सीटों पर 69 फीसद से अधिक मतदान

[TODAY छत्तीसगढ़] / छत्तीसगढ़ में तीसरे और अंतिम चरण की सात सीटों पर भी जमकर वोट बरसे। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा और सरगुजा लोकसभा सीटों पर करीब 70  फीसद मतदान हुआ है । 2014 में इन सात सीटों पर 69.50 फीसद मतदान हुआ था। इस बार मतदान में उत्साह के आगे बीमारी, दिव्यांगता, बुजुर्गियत भी हार मान गई। कडी धूप और 40 के पार पहुंचा पारा कडी परीक्षा लेता रहा। इसका असर दोपहर में दिखा जरूर लेकिन सुबह और शाम को मतदाताओं ने तपिश को भी हरा दिया। मतदान करने वालों में महिलाओं की कतार और उत्साह से लबरेज भीड़ देखते ही बनी। 
 तीसरे चरण में मतदाताओं ने 123 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद कर दिया है। परिणाम के लिए अब 23 मई तक का इंतजार करना पड़ेगा। राज्य में पहले चरण में बस्तर व दूसरे चरण में कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा सीटों के लिए मतदान कराया गया था। तीसरे चरण की सात सीटों के साथ राज्य की सभी 11 सीटों पर मतदान संपन्न हो गया है। राज्य की सभी 11 सीटों पर इस बार मतदान का आंकडा 70  फीसद से पार पहुंच गया है जो 2014 में हुए 69.39 फीसद से अधिक है।
इधर तीसरे चरण में झारखंड की सीमा से सटे सरगुजा लोकसभा सीट के महज दो पोलिंग बूथ ही नक्सल प्रभावित क्षेत्र में थे। प्रशासन ने इस बार नक्सल प्रभावित चुनचुना, पुनदाग बूथों को 13 किमी दूर सीआरपीएफ कैंप बंदरचुआं में शिफ्ट कर दिया था। मतदान शुरू होते ही नक्सलियों ने चुनचुना- पुनदाग के पास जंगल में आइईडी विस्फोट किया जिसमें किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। यह कायराना हरकत नक्सलियों ने मतदाताओं को डराने के लिए किया लेकिन वोटरों पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा