[TODAY छत्तीसगढ़] / छत्तीसगढ़ राज्य के स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव बुधवार को मंत्री बनने के बाद पहली बार बिलासपुर पहुंचें। बिलासपुर जिला और शहर कांग्रेस कमेटी के अलावा सिंहदेव के समर्थकों ने उनका ऐतिहासिक स्वागत किया। सिंहदेव बुधवार की दोपहर चकरभाटा हवाई पट्टी पर उतरे, विमानतल पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। उसके बाद टीएस सिंहदेव का काफिला शहर की तरफ बढ़ा। पूर्व निर्धारित स्वागत कार्यक्रम के तहत सिंहदेव का महाराणा प्रताप चौक में स्वागत हुआ इसके बाद सिंहदेव हजारों समर्थकों की भीड़ के बीच गाडी से उतरकर पैदल चलने लगे। महाराणा प्रताप चौक से बढ़ता हुआ काफिला राजीव गांधी चौक पहुंचा जहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव पंकज सिंह ने विशाल मंच के जरिये प्रदेश के मंत्री सिंहदेव का आतिशी स्वागत किया। इस दौरान हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता टीएस बाबा से मिलने, उनके साथ एक सेल्फी लेने को आतुर दिखे। हर कोई प्रदेश की इस ख़ास शख्सियत की एक झलक पाने को बेताब दिखा।
राजीव गांधी चौक पर लोकनृत्य, गाजे-बाजे और आतिशबाजी के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक रहा। यहां स्वागत की औपचारिकताओं के बाद सिंहदेव का काफिला आगे बढ़ा लेकिन मंत्री जनसैलाब के बीच पैदल ही चलते रहे। नेहरू चौक होते हुए वे कांग्रेस भवन पैदल ही पहुंचें, इस बीच सड़क के किनारे खड़े लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए टीएस बाबा आगे बढ़ते रहे।
मंत्री बनने के बाद पहली बार शहर आये केबिनेट मंत्री का ऐतिहासिक स्वागत पिछले दिनों मुख्यमंत्री के स्वागत-सत्कार को फीका कर गया। कहीं ना कहीं धड़ों में बटे कांग्रेस कार्यकर्ता और उनके समर्थक स्वागत-सत्कार की औपचारिकता के जरिये अपनी सियासी ताकत दिखाने में लगे हुए हैं। इस बीच बिलासपुर विधायक शैलेष पांडेय और तखतपुर विधायक रश्मि सिंह भी टीएस सिंहदेव के साथ नज़र आईं। यहां ये बताना लाजिमी होगा की टीएस सिंहदेव के नगर आगमन को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां की जा रहीं थी। शहर के कई इलाकों को बैनर-पोस्टर से पाट दिया गया था।