Slider


                  
                                                    [TODAY छत्तीसगढ़ ] /  बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र की बेलगहना चौकी पुलिस ने देर रात गश्त के दौरान एक वाहन को संदेह के आधार पर रोकने की कोशिश की, पुलिस को देख वाहन सवार लोग हड़बड़ा गए।  पुलिस ने वाहन को रोकने की कई कोशिश की लेकिन वाहन चालक मौके से पुलिस को चकमा देकर भागने लगे। 
            पुलिस को वाहन में सवार लोगों की गतिविधियों पर शक हुआ, लिहाजा बेलगहना चौकी प्रभारी हेमंत सिंह और उनके स्टाफ के लोगों ने सड़क पर भाग रही उस महिंद्रा एक्सयूवी का पीछा शुरू किया। पुलिस को पीछे आते देख वाहन सवार लोग कुछ दूर जाकर वाहन छोड़कर भाग खड़े हुए। बेलगहना पुलिस ने लावारिस हाल में छोड़े गए वाहन की तलाशी ली तो उन्हें कई पैकेट्स में पैक गांजा मिला। पुलिस ने गांजा बरामद कर उसका वजन करवाया जो करीब सौ किलोग्राम है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल हो रही महेंद्र एसयूवी को भी जब्त कर लिया है।  पुलिस की माने तो बरामद किये गए गांजा की कीमत लाख रूपये से अधिक है। जब्त किये गए वाहन के नंबर के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुँचने की कोशिश करेगी।
                          यहां ये बताना लाजिमी होगा की छत्तीसगढ़ के रास्ते ही गाँजे की तस्करी होती है, एकाध मामलों को छोड़ दें तो सालों हो गए पुलिस सिर्फ सामान बरामद कर पाती है। राज्य के सीमावर्ती प्रदेश उड़ीसा से गांजा कभी सड़क के जरिये तो कभी रेल के जरिये होकर मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, बिहार और झारखण्ड जैसे राज्यों तक पहुंचता है।       
                                                                  ------------------------- 
              
                     [TODAY छत्तीसगढ़ ] /   पेंड्रा-गौरेला स्थित केरला इंग्लिश मीडियम स्कूल की बच्चों से भरी वैन चालक की लापरवाही के चलते अनियंत्रित होकर एक नाले जा गिरी। इस घटना में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई और कई बच्चे घायल हो गए।  हादसे के बाद स्कूल वैन का चालक बच्चों को चीखता-चिल्लाता छोड़कर भाग गया। 
   स्थानीय लोगों की माने तो केरला अंग्रेजी माध्यम स्कूल के बच्चे रोज की तरह आज भी छुट्टी होने के बाद स्कूल की वैन में सवार होकर घर जा रहे थे। बताया जा रहा है की स्कुल वैन की रफ़्तार काफी थी लिहाज एक मोड़ पर वैन चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते बच्चों से भरी स्कूल वैन पास नाले में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद वैन का चालक मौके से भाग खड़ा हुआ, इधर वैन में फंसे बच्चे चीख-पुकार मचाते रहे। इस हादसे को देख कुछ राहगीरों ने घटना की सुचना स्कूल प्रबंधन के अलावा संबंधित थाने को दी। स्कूल प्रबंधन और पुलिस के पहुँचने से पहले ही राहगीरों की मदद से वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाल लिया गया लेकिन इस हादसे में सबसे निचे दबी चार वर्षीय बच्ची को नहीं बचाया जा सका। इस हादसे में मरने वाली मासूम छात्रा का नाम अंशिका वर्मा बताया जा रहा है जो पेंड्रा के बचरवार की रहने वाली है।   
                                                             ------------------------ 
         
  [TODAY छत्तीसगढ़ ] /  छत्तीसगढ़ से डेंगू के मच्छर बाहर जाने को तैयार नहीं दिखते, तमाम कोशिशों के बावजूद मरने वालों के आंकड़े कम नहीं हो रहे वहीँ दिनों दिन डेंगू के मरीजों की संख्या राज्य के अलग-अलग चिकित्सालयों में बढ़ती जा रही है। राज्य के दुर्ग जिले के भिलाई में डेंगू का कहर है कि थम ही  नहीं रहा है।  शुक्रवार को डेंगू पीड़ित एक और मरीज की मौत भिलाई में हो गई है। भिलाई के कैम्प 1 संग्राम चौक की रहने वाली 6 वर्षीय पीहू कई दिनों से डेंगू के बुखार से लड़ रही थी आखिरकार आज डेंगू के मच्छर का दंश जिंदगी की सांस पर भारी पड़ गया।  इसके साथ ही भिलाई में डेंगू से मरने वालों की संख्या अब बढ़कर 41 पहुंच गई है।  सरकार और सरकार के स्वास्थय मंत्री चाहे लाख दावे कर लें लेकिन भिलाई में जिला और स्वास्थ्य प्रशासन डेंगू से निपटने पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। 
            दुर्ग के बाद अब बस्तर में भी डेंगू ने अपने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं।  जिला मुख्यालय जगदलपुर में डेंगू पीड़ित करीब 39 मरीजों का इलाज चल रहा है। जगदलपुर में 300 लोगों की जांच कराई गई थी।  इसमें 5 ग्रामीण क्षेत्रों के और 34 शहर के अलग अलग क्षेत्रों से मरीज मिले हैं। सबसे ज्यादा पीड़ित कालीपुर अटल आवास के हैं।  मरीजों का डिमरापाल मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। 
                                                               -------------------------------


        [TODAY छत्तीसगढ़ ] /  अजित जोगी की जाति को लेकर लगाई गई याचिका आज उच्चतम न्यायालय  ने खारिज कर दी है। पिछले दिनों छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजित जोगी की जाति को लेकर हाईकोर्ट में याचिका लगाई गई थी जिस पर हाईकोर्ट ने अजित जोगी को आदिवासी बताया था इसी फैसले को लेकर आदिवासी नेता संतकुमार नेताम ने सुप्रीम कोर्ट में निर्णय को चुनौती दी थी जिस पर आज सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा है। 
आपको बता दें कि अजीत जोगी की जाति के खिलाफ साल 2000 में आदिवासी नेता संत कुमार नेताम ने अनुसूचित जाति जनजाति आयोग में शिकायत की थी। साल 2001 में आयोग ने सरकार को जांच करने को कहा था। आयोग के इस आदेश के खिलाफ जोगी ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, हाईकोर्ट ने अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के आदेश पर रोक लगा दी।  इसके बाद संतकुमार नेताम ने साल 2007 में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, कोर्ट के आदेश के बाद राज्य सरकार ने आईएएस रीना बाबा साहेब कंगाले के नेतृत्व में हाईपावर कमेटी का गठन किया।  कमेटी ने पिछले साल जून में रिपोर्ट अपनी रिपोर्ट पेश की, जिसमें अजित  जोगी को आदिवासी (कंवर जनजाति) नहीं माना गया। आईएएस रीना बाबा साहेब कंगाले के नेतृत्व वाली हाईपावर कमेटी ने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी को ईसाई बताया था। 
कमेटी के इस फैसले को अजीत जोगी ने हाईकोर्ट में चुनौती दी।  इस पर हाईकोर्ट ने अक्टूबर 2017 से सुनवाई कर नवंबर 2017 के अंतिम सप्ताह में याचिका को निर्णय के लिए सुरक्षित रख लिया था। हाईकोर्ट ने 30 जनवरी को फैसला सुनाते हुए कमेटी की रिपोर्ट को खारिज कर दिया था,  इसके बाद संत कुमार नेताम ने मई 2018 में सुप्रीम कोर्ट में हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए एक याचिका दायर की जिसे आज खारिज कर दिया गया। 
                                                         ------------------------------

[TODAY छत्तीसगढ़ ] / पेट्रोल और डीजल के दाम कल फिर से बढ़ गए। 47 पैसे की बढोत्तरी के साथ राजधानी रायपुर और बिलासपुर समेत राज्य के शहरों में पहली बार पेट्रोल 80 रुपए के आंकड़े को पार कर गया। आज राजधानी रायपुर पेट्रोल की कीमत 80 रूपये 30 पैसे और बिलासपुर में 80 रूपये 93 पैसे हो गई, वहीँ बिलासपुर में पावर पेट्रोल 83 रूपये 54 पैसे हो गया ।  वहीं डीजल का दाम 77 रुपए 81 पैसे हो गया। इसमें 56 पैसे की बढोत्तरी हुई है। मध्यप्रदेश में तीन दिन पहले ही पेट्रोल 85 रुपए की कीमत को छू चुका है। दिल्ली में पेट्रोल 20 पैसे महंगा होकर 79.51 रुपए और डीजल 21 पैसे बढ़कर 71.55 रुपए लीटर हो गया है। मुंबई में पेट्रोल 86.91 रुपए और डीजल 75.96 रुपए का हो गया है। उधर डॉलर की तुलना में रुपया कल पहली बार 72 के नीचे चला गया। अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वार की आशंका और विदेशी निवेशकों द्वारा पैसे निकालने के कारण दिन में एक डॉलर 72.12 तक गिर गया था। अंत में भारतीय करेंसी 24 पैसे कमजोर होकर 71.99 पर बंद हुई। 
                                                        ---------------------------------- 
  [TODAY छत्तीसगढ़ ] / लगातार नोटिस देने के बावजूद भी स्वास्थ्य कर्मचारी हड़ताल से काम पर नहीं लौटे लिहाजा आज कलेक्टर अवनीश कुमार शरण के निर्देश पर हड़ताली स्वास्थ्य कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी कर दिया गया। गौरतलब है की कबीरधाम जिले के स्वास्थ्य कर्मचारी संयोजक कर्मचारी संघ के बैनर तले 1 अगस्त से बेमुद्दत हड़ताल पर हैं।  
एक अगस्त से बेमुद्दत हड़ताल पर गए जिले के पच्चीस स्वास्थ्य कर्मचारियों पर आज प्रशासनिक कारवाही की गाज गिर ही गई। स्वास्थ्य कर्मचारियों को विभागीय अधिकारी द्वारा कई बार नोटिस जारी कर काम पर लौटने के निर्देश दिए गए बावजूद इसके कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। आज कलेक्टर अवनीश कुमार शरण के निर्देश पर सीएमएचओ डॉ के के गजभिए द्वारा करवाई करते हुए २५ स्वास्थ्य कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। लगातार नोटिस दिए जाने के बावजूद सेवा पर वापसी नही करने वाले कर्मचारियों में ग्रामीण स्वास्थ संयोजक(महिला/पुरुष), स्वास्थ्य पर्यवेक्षक एवं खण्ड विस्तार प्रशिक्षक भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि जिले में 249 स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल के समर्थन में आंदोलनरत थे, कलेक्टर के नोटिस उपरांत लगभग 30 कर्मचारियों ने सेवा में वापसी कर ली लेकिन बहूत से कर्मचारी अब भी आंदोलन में डटे हुए हैं, इनमें से 25 कर्मचारियों को आज बर्खास्त कर दिया गया है। डॉ गजभिए ने कहा कि चेतावनी के बाद भी कार्य पर वापसी नही करने वाले शेष कर्मचारियों पर भी कार्रवाई जारी रखी जायेगी।
जिन कर्मचारियों को किया गया बर्खास्त - 
सौरभ जायसवाल, शैलेन्द्र द्ववेदी, सिदराम चन्द्रवंशी, बिमला देवांगन, बाबूलाल गोड़, अविनाश गुप्ता, बीरेलाल पटेल, श्रीमती सुनीता सिंह, सी एस दीक्षित, अहमद हुसैन कुरैशी, दुर्गेश खरे, बलराम वारते, कुमारी संगीता साहू, श्रीमती सती बर्वे, राकेश चंद्रसेन, विनोद त्रिपाठी, राहुल शर्मा, गणेश राम जांगड़े, ललित चंद्राकर, श्रीमती उषा देवी सिंह, सुमन्त धुर्वे, पारथ चन्द्रवंशी, अशोक नवरंग, हेमलता तारक और मोहन जायसवाल के नाम शामिल हैं।
                                                            ---------------------------- 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com