CM Helpline service के संचालन को लेकर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की जा रही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा के प्रभावी संचालन को लेकर शुक्रवार को जिला स्तरीय अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जल संसाधन परिसर स्थित प्रार्थना सभाकक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हुए, जबकि जनपद स्तरीय अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल तथा अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी अशोक चौबे द्वारा दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, शिकायतों के पंजीयन, समय-सीमा में निराकरण, विभागीय जवाबदेही, मॉनिटरिंग व्यवस्था और शिकायतकर्ता फीडबैक प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि फिलहाल योजना टेस्टिंग मोड में है और मुख्यमंत्री जल्द ही इस सेवा को आम जनता को समर्पित करेंगे। प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि शिकायतकर्ता का फीडबैक पूरी व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। इसलिए शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शासन की महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि हर शिकायत को गंभीरता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ लिया जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न होकर ऐसा होना चाहिए, जिससे शिकायतकर्ता को वास्तविक संतुष्टि मिले और शासन के प्रति उसका विश्वास मजबूत हो। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा शुरू होने के बाद आम नागरिकों की शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया और अधिक सरल एवं प्रभावी हो सकेगी।

पति के दोस्त पर दुष्कर्म का आरोप, डर और धमकी के बीच चुप रही महिला


रायगढ़। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / धरमजयगढ़ पुलिस ने महिला से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पीड़िता ने 21 मई 2026 को थाना धरमजयगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता का बयान महिला पुलिस अधिकारी द्वारा दर्ज किया गया। महिला ने बताया कि आरोपी दिनेश कौशिक ग्राम बोरो का रहने वाला है और उसके तथा उसके पति का परिचित है। पिछले करीब एक माह से दोनों के बीच बातचीत हो रही थी।

पीड़िता के अनुसार 6 मई की दोपहर आरोपी उसके घर पहुंचा। उस समय वह आंगन में नहा रही थी। आरोपी ने उसके पति के बारे में पूछा, जिस पर महिला ने बताया कि वह घर पर नहीं हैं। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। आरोप है कि आरोपी उसके पीछे कमरे में पहुंचा, दरवाजा बंद कर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया और घटना किसी को बताने पर धमकी दी।

महिला ने लोकलाज के डर से किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। आरोप है कि अगले दिन 7 मई को आरोपी ने फिर महिला को डरा-धमकाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। बाद में पीड़िता ने 14 मई को अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 145/2026 के तहत धारा 64(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी दिनेश कौशिक को उसके घर से गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

किराए के मकान में शराब का जखीरा, 270 पाव देशी मदिरा जब्त


राजनांदगांव।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालबाग पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बरगा में एक युवक किराए के मकान में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी अभिषेक कुमार यादव (25) निवासी पेंड्री बस्ती थाना लालबाग के कब्जे से दो प्लास्टिक बोरियों में रखी 270 पाव देशी प्लेन मदिरा सवा शेरा बरामद की गई। जब्त शराब की मात्रा 48.600 लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत लगभग 21 हजार 600 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी से शराब रखने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब्त शराब को परीक्षण के लिए सुरक्षित रखा है। मामले में आगे की कार्रवाई थाना लालबाग पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

प्रेम प्रसंग में हाई वोल्टेज ड्रामा, युवती ने किया चाकू से हमला, देखें VIDEO

बिलासपुर।  TODAY छत्तीसगढ़  / सकरी थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और डायल-112 की टीम को मौके पर पहुंचना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक युवक पहले से शादीशुदा है और परिवार से अलग एक अन्य महिला के साथ सकरी स्थित अटल आवास में रह रहा था। दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे और उनके साथ एक छोटी बच्ची भी रह रही थी। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान युवती ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। 

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सकरी थाना ले जाया गया। थाना परिसर में घंटों तक समझाइश का दौर चलता रहा। बताया ये भी जा रहा है कि पिछले दिनों दोनों पक्ष कोर्ट पहुंचे, जहां स्टाम्प पेपर पर समझौता करते हुए अलग-अलग रहने की सहमति दी गई थी।

हालांकि समझौते के बाद भी थाना परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। युवती द्वारा कथित रूप से हंगामा किए जाने की चर्चा रही। वहीं स्थानीय लोगों के बीच युवती के शराब सेवन को लेकर भी चर्चाएं होती रहीं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 



© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com