राजनांदगांव। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालबाग पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बरगा में एक युवक किराए के मकान में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी अभिषेक कुमार यादव (25) निवासी पेंड्री बस्ती थाना लालबाग के कब्जे से दो प्लास्टिक बोरियों में रखी 270 पाव देशी प्लेन मदिरा सवा शेरा बरामद की गई। जब्त शराब की मात्रा 48.600 लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत लगभग 21 हजार 600 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी से शराब रखने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब्त शराब को परीक्षण के लिए सुरक्षित रखा है। मामले में आगे की कार्रवाई थाना लालबाग पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
