बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / सकरी थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और डायल-112 की टीम को मौके पर पहुंचना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक युवक पहले से शादीशुदा है और परिवार से अलग एक अन्य महिला के साथ सकरी स्थित अटल आवास में रह रहा था। दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे और उनके साथ एक छोटी बच्ची भी रह रही थी। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान युवती ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सकरी थाना ले जाया गया। थाना परिसर में घंटों तक समझाइश का दौर चलता रहा। बताया ये भी जा रहा है कि पिछले दिनों दोनों पक्ष कोर्ट पहुंचे, जहां स्टाम्प पेपर पर समझौता करते हुए अलग-अलग रहने की सहमति दी गई थी।
हालांकि समझौते के बाद भी थाना परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। युवती द्वारा कथित रूप से हंगामा किए जाने की चर्चा रही। वहीं स्थानीय लोगों के बीच युवती के शराब सेवन को लेकर भी चर्चाएं होती रहीं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
