युवती और युवक लापता: कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीण पहुंचे एसएसपी कार्यालय


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी से एक युवती के लापता होने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। युवती के परिजन, दादा और बड़ी संख्या में ग्रामीण गुरुवार को एसएसपी से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।

परिजनों के अनुसार गांव की 25 वर्षीय युवती 5 मई से लापता है। उसी दिन गांव में पंचर दुकान चलाने वाला युवक शाहिद अफरीदी भी गायब बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि युवक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। कुछ सामाजिक संगठन के लोग इसे लव जेहाद के एंगल से भी देख रहे हैं।  

ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी युवक का परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और करीब 10 साल पहले गांव में आकर रहने लगा था। युवती के परिजनों ने रतनपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक युवती का पता नहीं चलने से परिवार परेशान है।

एसएसपी कार्यालय पहुंचे युवती के दादा ने भावुक होकर जल्द कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि युवक के परिजनों को दोनों के बारे में जानकारी है, लेकिन पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि पुलिस युवती और युवक की तलाश में जुटी हुई है तथा जल्द ही मामले में प्रगति सामने आएगी।

सिगरेट चोरी मामले में तीन अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार


राजनांदगांव।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  राजनांदगांव पुलिस ने 11 लाख 90 हजार रुपये की सिगरेट चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल अर्टिगा कार भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में सागर घोड़के, कुणाल पांडुरंग जाधव और विपुल विटकर शामिल हैं। सभी आरोपी महाराष्ट्र के पुणे निवासी बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार राहुल तेजवानी ने 1 मई 2026 को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अनमोल परिसर स्थित उसके गोदाम का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लाखों रुपये की सिगरेट चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए माल में गोल्ड किंग, गोल्ड फ्लेक और क्लासिक ब्रांड की सिगरेट के कार्टून शामिल थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज से मिले सुराग के आधार पर टीम को जबलपुर और पुणे रवाना किया गया। जांच के दौरान जबलपुर से दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ अर्टिगा कार क्रमांक MH 12 VZ 7339 से राजनांदगांव आकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने पुणे से तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त करीब 10 लाख रुपये कीमत की अर्टिगा कार जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार मामले का मुख्य आरोपी विक्रम सिंह राजपूत अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।



MP ले जाई जा रही 43 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार


राजनांदगांव।
  TODAY छत्तीसगढ़  / बागनदी पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश में खपाने ले जाई जा रही 43 पेटी गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान तस्करों ने नाकाबंदी तोड़ते हुए पुलिस वाहन को टक्कर मार दी और जानलेवा तरीके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में किशन धीवर और करण केंवट शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना बागनदी पुलिस को सूचना मिली कि एक सफेद रंग की विक्टोरियस कार में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब मध्यप्रदेश ले जाई जा रही है। 

सूचना पर थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बागनदी चौक में नाकाबंदी की। 14 मई की रात करीब दो बजे संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक बैरिकेड्स तोड़ते हुए पुलिस की स्कॉर्पियो वाहन को टक्कर मारकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिसके बाद आरोपी वाहन को अनियंत्रित कर सड़क किनारे गड्ढे में उतार बैठे। इसके बाद घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।

वाहन की तलाशी लेने पर 43 पेटी गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कुल 2150 नग यानी 387 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। वहीं परिवहन में इस्तेमाल लग्जरी कार की कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई। कुल 15 लाख 17 हजार 250 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब जेवरा सिरसा निवासी गोलू सरदार उर्फ सवेन्दर सिंह के लिए ले जाई जा रही थी, जबकि शराब आमगांव निवासी सोनू ने उपलब्ध कराई थी। मामले में आबकारी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।


खरसिया से चोरी हुई वेन्यू कार दिल्ली से बरामद, शातिर मैकेनिक गिरफ्तार


रायगढ़।
  TODAY छत्तीसगढ़  / खरसिया पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए खरसिया से चोरी हुई वेन्यू कार को दिल्ली से बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से कार मैकेनिक निकला, जिसने पहले से योजना बनाकर कार की डुप्लीकेट चाबी तैयार की थी और वाहन चोरी कर नंबर प्लेट बदलकर चला रहा था।

जानकारी के अनुसार संदीप कुमार ने 6 मई 2026 को चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी उपयोग में लाई जा रही वेन्यू कार क्रमांक CG 04 MT 7666 घर के सामने से चोरी हो गई है। मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। 

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान वाहन एक होटल तक जाते दिखाई दिया। होटल स्टाफ से पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस मोहम्मद आमिर तक पहुंची, जिसका मोबाइल लोकेशन दिल्ली क्षेत्र में मिला। जांच के दौरान वाहन स्वामी विजय ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2025 में कार दुर्घटनाग्रस्त होने पर उसकी मरम्मत दिल्ली के एक मैकेनिक से कराई गई थी। इसी आधार पर पुलिस टीम दिल्ली रवाना हुई। लगातार तीन दिन तक तलाश के बाद आरोपी मोहम्मद आमिर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पहले ही कार की डुप्लीकेट चाबी तैयार कर ली थी और वाहन के जीपीएस सिस्टम की जानकारी होने के कारण योजनाबद्ध तरीके से खरसिया आकर कार चोरी की।

आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने कार का मूल नंबर बदलकर दिल्ली की नंबर प्लेट लगा दी थी और वाहन को डेंट-पेंट कर दूसरे राज्य में बेचने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली के एमसीडी पार्किंग क्षेत्र से करीब 6 लाख रुपये कीमत की वेन्यू कार बरामद कर ली। मामले में साक्ष्य के आधार पर धोखाधड़ी की धारा भी जोड़ी गई है। यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। आरोपी को ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर खरसिया लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com