रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / पूंजीपथरा पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर प्रेम और शादी का झांसा देकर नाबालिग का शोषण करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार बालिका ने 9 मई 2026 को अपने परिजनों के साथ थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दिसंबर 2025 में स्कूल की छुट्टियों के दौरान वह अपने माता-पिता के पास पूंजीपथरा क्षेत्र स्थित एक प्लांट की लेबर कॉलोनी में आई थी। इसी दौरान उसकी पहचान पड़ोस में रहने वाले संदीप बंजारे से हुई।
आरोप है कि आरोपी ने प्रेम और शादी का झांसा देकर 26 फरवरी 2026 को अपने कमरे में बुलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद आरोपी लगातार बालिका को डरा-धमकाकर किसी को नहीं बताने की बात कहता रहा और कई बार उसका शोषण करता रहा। बालिका ने पुलिस को बताया कि आरोपी को उसके नाबालिग होने की जानकारी थी, इसके बावजूद वह माता-पिता के नहीं रहने पर उसे अपने कमरे में ले जाकर जबरन संबंध बनाता था।
8 मई 2026 को आरोपी ने बालिका को कंपनी के नए लेबर क्वार्टर में मिलने बुलाया था और शादी के बहाने बाहर चलने की बात कर रहा था। इसी दौरान परिजन वहां पहुंच गए और दोनों को देख लिया। इसके बाद परिजनों के साथ बालिका ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले में अपराध क्रमांक 103/2026 के तहत धारा 64(1) बीएनएस एवं 4, 6 पॉक्सो एक्ट में अपराध दर्ज किया गया। थाना प्रभारी रामकिंकर यादव और पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी संदीप बंजारे निवासी जिला सक्ती का रहने वाला है और वर्तमान में पूंजीपथरा क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



