पानी पाउच के बहाने बाइक लेकर फरार चोर 7 दिन में गिरफ्तार


बिलासपुर (मस्तूरी)। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  चौकी मल्हार पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले का मात्र 7 दिनों में खुलासा करते हुए आरोपी नरोत्तम दास वैष्णव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने लिफ्ट मांगकर प्रार्थी का भरोसा जीता और पानी पाउच लाने के बहाने बाइक लेकर फरार हो गया था।

पुलिस के अनुसार भारत लाल केवट, निवासी ग्राम पकरिया (जांजगीर-चांपा), 20 अप्रैल 2026 को अपनी मोटरसाइकिल (CG 11 BH 4552) से अपने ससुराल वेदपरसदा, मस्तूरी आया था। वहां से लौटते समय रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने लिफ्ट मांगी, जिसे उसने बैठा लिया। ग्राम बुढ़िखार पहुंचने पर आरोपी ने प्रार्थी को पानी पाउच लाने के लिए होटल भेज दिया। जैसे ही प्रार्थी होटल गया, आरोपी मौका पाकर मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। काफी खोजबीन के बाद जब बाइक नहीं मिली तो प्रार्थी ने चौकी मल्हार में रिपोर्ट दर्ज कराई।

रिपोर्ट के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और विभिन्न गांवों में उसकी फोटो दिखाकर जानकारी जुटाई गई। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नरोत्तम दास वैष्णव (55 वर्ष) निवासी ग्राम गीधपुरी ने चोरी की मोटरसाइकिल को अपने घर में कपड़े से ढककर छिपा रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी के घर से मोटरसाइकिल बरामद कर ली। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिवत कार्रवाई की गई है।

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार


रायगढ़ । 
TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले के तमनार क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता के तहत की गई।

पीड़िता (33 वर्ष) ने 23 अप्रैल को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से आरोपी लखन कुमार पटनायक (37 वर्ष) निवासी भिलाईनगर, जिला दुर्ग से हुई थी। आरोपी ने खुद को रेलवे में जेई (Junior Engineer) बताकर विवाह का भरोसा दिलाया और लगातार संपर्क में रहा।

पीड़िता के अनुसार 14 दिसंबर 2025 को आरोपी तमनार स्थित उसके घर पहुंचा, परिजनों के घर पर नहीं होने का फायदा उठाया और शादी का झांसा देकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद आरोपी लगातार विवाह का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब पीड़िता के परिजनों ने सगाई और शादी की बात आगे बढ़ाई, तो आरोपी टालमटोल करने लगा, सामाजिक विवाह से इंकार कर कोर्ट मैरिज की बात करने लगा। मार्च 2026 में कोर्ट मैरिज के लिए आवेदन देने के बाद आरोपी ने संपर्क पूरी तरह खत्म कर दिया और बाद में शादी से साफ इंकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 82/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

बर्थडे पार्टी में चाकूबाजी, बीच-बचाव करने वाले युवक पर जानलेवा हमला


राजनांदगांव।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  शहर के गांधी चौक क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बल्देवबाग निवासी अनूप यादव उर्फ मुंडू (29 वर्ष) ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 24-25 अप्रैल की दरम्यानी रात अपने मित्र शोएब खान का जन्मदिन मनाने गांधी चौक गया था। केक काटने के बाद सभी लोग जश्न मना रहे थे, तभी वहां मौजूद राकेश सोनी उर्फ तुफान का किसी बात को लेकर महमूद अली से विवाद हो गया।

अनूप यादव ने दोनों के बीच समझाइश देकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन इसी बात से नाराज होकर राकेश सोनी उर्फ तुफान और उसके साथी राकेश श्रीवास ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके गले पर वार करने की कोशिश की, जिसे उसने हाथ से रोक लिया। इस दौरान उसके अंगूठे और उंगलियों के बीच गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। पीड़ित के अनुसार, यदि वह वार नहीं रोकता तो उसकी जान जा सकती थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मिलन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राकेश श्रीवास (43 वर्ष) निवासी गौशाला मार्केट गांधी चौक को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी राकेश सोनी उर्फ तुफान के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी राकेश सोनी उर्फ तुफान थाने का सूचीबद्ध गुंडा है और घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उसे शीघ्र गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी राकेश श्रीवास के खिलाफ पूर्व में जुआ, मारपीट और आर्म्स एक्ट से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। वहीं, प्रार्थी अनूप यादव के विरुद्ध भी विभिन्न थानों में मारपीट, आबकारी और जुआ एक्ट सहित अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

बेटे ने फावड़े से मां की हत्या, आरोपी गिरफ्तार


रायगढ़ ।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  रैरूमाखुर्द क्षेत्र में मां की हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने पारिवारिक विवाद और नाराजगी के चलते अपनी ही मां की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।

मामले में ग्राम रैरूमाखुर्द निवासी गणपत दास महन्त (60 वर्ष) ने 25 अप्रैल को पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, उसका छोटा पुत्र आर्यन दास महन्त (20 वर्ष) इस बात से नाराज रहता था कि परिवार उसके भाई-बहनों को उससे ज्यादा महत्व देता है। इसी कारण उसका व्यवहार परिवार के प्रति आक्रोशपूर्ण हो गया था। घटना 24-25 अप्रैल की रात की है, जब परिवार के सदस्य दुकान में सो रहे थे।

सुबह शौच से लौटने के बाद आरोपी ने अपनी मां फुलबाई महन्त (55 वर्ष) को दुकान से बाहर खींचा, जमीन पर गिराया। घर में रखे गोबर फेंकने वाले फावड़े से गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने अपने पिता पर भी फावड़े से हमला करने की कोशिश की। हालांकि पिता किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विजय एक्का के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com