औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ते हादसों पर सख्ती, फैक्ट्री संचालकों को सुरक्षा मानकों के कड़े निर्देश


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार हो रहे हादसों को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त हो गया है। उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सिरगिट्टी, बिल्हा, तिफरा, सिलपहरी और कोनी क्षेत्र के फैक्ट्री मालिकों व संचालकों की बैठक लेकर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों की जान-माल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी उद्योगों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण जैसे हेलमेट, ग्लव्स, सुरक्षा जूते और रेडियम जैकेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने कहा कि कार्यस्थल पर किसी भी कर्मचारी के शराब पीकर आने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए फैक्ट्री परिसर में ब्रीथ एनालाइजर मशीन लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा गया।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी उद्योगों के अंदर, बाहर और मुख्य मार्गों को कवर करते हुए CCTV कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए गए। हाल के दिनों में बढ़ी आगजनी की घटनाओं को देखते हुए प्रत्येक इकाई में फायर एक्सटिंग्विशर लगाने और नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में छत्तीसगढ़ लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष हरीश केडिया, जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष सतीश कुमार शाह, उपाध्यक्ष जितेन्द्र गांधी सहित अन्य पदाधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

गांजा तस्करी पर प्रहार, स्कूटी सवार आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.35 किलोग्राम गांजा और 42,500 रुपये नकद जब्त किए हैं।

पकड़े गए आरोपी की पहचान कार्तिक गुप्ता (29) निवासी बजरंग चौक, तालापारा, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 20 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कूटी में गांजा लेकर व्यापार विहार स्थित तारा मंडल के पीछे रेलवे लाइन के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान स्कूटी (क्रमांक सीजी-10 सीडी-1592) की डिग्गी से 4.35 किलोग्राम गांजा और 42,500 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए एंड-टू-एंड जांच कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

नाबालिग को भगाकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर / तखतपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने और शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को तखतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने पीड़िता को रायपुर जिले के मोतीनगर से सकुशल बरामद किया है।

मामले में आरोपी की पहचान राकेश मरावी (21) निवासी ग्राम कमोदा, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत धारा 137(2), 87, 64 बीएनएस एवं 4 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 29 जनवरी 2026 को थाना तखतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को कोई व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध कायम कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान साइबर सेल बिलासपुर की मदद से तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और टावर लोकेशन का विश्लेषण किया गया। जांच में आरोपी की लोकेशन रायपुर जिले के मोतीनगर में मिली। तत्काल पुलिस टीम रायपुर रवाना हुई और 19 मार्च 2026 को पीड़िता को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद उसे शादी का झांसा देकर भगाया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

पुलिस ने आरोपी को 20 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलाराम मनहर, आरक्षक नरेश निराला, आशीष वस्त्रकार, ओकार राजपूत, सत्यार्थ शर्मा एवं किशोर धीवर का विशेष योगदान रहा।

कुदरगढ़ धाम में मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना


सूरजपुर।
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सूरजपुर स्थित कुदरगढ़ धाम पहुंचकर मां कुदरगढ़ी की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की। मुख्यमंत्री ने माता रानी के चरणों में प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि उनकी कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे और जन-जन का जीवन सुरक्षित एवं समृद्ध बने।

इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व आस्था, शक्ति और नव ऊर्जा का प्रतीक है, जो समाज में सकारात्मकता और उत्साह का संचार करता है। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा और व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com