पिकनिक के दौरान साथी पर हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  / सरकंडा पुलिस ने पिकनिक के दौरान साथी युवक पर हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामूली विवाद के बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए युवक के साथ मारपीट की थी।

पुलिस के अनुसार हरीश महिलांगे अपने दोस्तों के साथ 10 मई 2026 को चिल्हाटी स्थित लीलागर नदी किनारे पिकनिक मनाने गया था। इसी दौरान उसका विवाद सावन साव उर्फ पोल्टू निवासी चूचुहियापारा से हो गया। बताया गया कि खाना कम परोसने की बात को लेकर आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने प्रार्थी के साथ मारपीट कर दी, जिससे उसे चोटें आईं।

घटना की शिकायत पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3) और 118(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मोबाइल दुकान में चोरी का खुलासा, महिला समेत तीन पकड़े गए

रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़  / धरमजयगढ़ पुलिस ने मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नगदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार शांतनु पाल निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी ने 26 अप्रैल 2026 को थाना धरमजयगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मोबाइल रिपेयरिंग दुकान का रात में ताला तोड़कर चोरी की गई है। दुकान से ग्राहकों के रिपेयरिंग के लिए रखे मोबाइल, 32 हजार रुपये नकद और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी हो गए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई थी।

मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान रात्रि गश्त में पुलिस ने दो संदिग्ध किशोर लड़कों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया और बताया कि वे कविता सिंह राजपूत के संपर्क में थे। पुलिस द्वारा महिला से पूछताछ करने पर उसने भी दोनों बालकों के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 5 हजार रुपये नगद और एक जियो कीपैड मोबाइल बरामद किया। वहीं दोनों विधि से संघर्षरत बालकों से 2-2 हजार रुपये नगद और चोरी के मोबाइल फोन जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने दुकान के गल्ले से 32 हजार रुपये नगदी और कई मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपी महिला को जेएमएफसी न्यायालय धरमजयगढ़ तथा दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड रायगढ़ में प्रस्तुत किया गया है। मामले की जांच जारी है।

दुष्कर्म और मारपीट मामले का आरोपी लंबे समय बाद गिरफ्तार


रायगढ़। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  तमनार पुलिस ने फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और मारपीट के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राकेश सोनी उर्फ देवा निवासी आमाघाट तमनार है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट भी जारी किया गया था।

जानकारी के मुताबिक वर्ष 2024 में थाना तमनार में गुमशुदा बालिका की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान बालिका को दस्तयाब कर उसके बयान, चिकित्सीय परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई थी। आरोपी को उस समय गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से बाद में उसे जमानत मिल गई थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ अक्टूबर 2025 में मारपीट की एक और घटना को अंजाम दिया। इस मामले में भी थाना तमनार में अलग से अपराध दर्ज किया गया था। घटना के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। वहीं पॉक्सो प्रकरण में न्यायालय में पेशी पर उपस्थित नहीं होने के कारण आरोपी के खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था।

पुलिस ने अवैध शराब के साथ आदतन आरोपी को किया गिरफ्तार


राजनांदगांव।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  डोंगरगढ़ पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8.100 बल्क लीटर गोवा अंग्रेजी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरुका की कुल कीमत 1 लाख 5 हजार 400 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रवि शेंडे निवासी भीम नगर वार्ड क्रमांक 09 डोंगरगढ़ है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और एसडीओपी केशरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।

9 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी रवि शेंडे अपनी टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 BG 1509 में भारी मात्रा में शराब लेकर अवैध बिक्री के लिए घर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने प्रज्ञागिरी जाने वाले तिराहा हनुमान मंदिर के पास ग्राम कुरभाठा में नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 45 पाव गोवा स्पेशल अंग्रेजी शराब कुल 8.100 बल्क लीटर कीमत 5,400 रुपये और मोटरसाइकिल कीमत 1 लाख रुपये बरामद की गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी थाना डोंगरगढ़ में कई मामले दर्ज हैं।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com