रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / धरमजयगढ़ पुलिस ने मोबाइल रिपेयरिंग दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नगदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार शांतनु पाल निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी ने 26 अप्रैल 2026 को थाना धरमजयगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मोबाइल रिपेयरिंग दुकान का रात में ताला तोड़कर चोरी की गई है। दुकान से ग्राहकों के रिपेयरिंग के लिए रखे मोबाइल, 32 हजार रुपये नकद और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी हो गए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई थी।
मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान रात्रि गश्त में पुलिस ने दो संदिग्ध किशोर लड़कों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया और बताया कि वे कविता सिंह राजपूत के संपर्क में थे। पुलिस द्वारा महिला से पूछताछ करने पर उसने भी दोनों बालकों के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 5 हजार रुपये नगद और एक जियो कीपैड मोबाइल बरामद किया। वहीं दोनों विधि से संघर्षरत बालकों से 2-2 हजार रुपये नगद और चोरी के मोबाइल फोन जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने दुकान के गल्ले से 32 हजार रुपये नगदी और कई मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपी महिला को जेएमएफसी न्यायालय धरमजयगढ़ तथा दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड रायगढ़ में प्रस्तुत किया गया है। मामले की जांच जारी है।
