बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / पैसा दोगुना करने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने मध्यप्रदेश के रीवा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गांव के लोगों से निवेश के नाम पर करीब 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी फेकुराम चतुर्वेदी ने 18 मार्च 2025 को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2013 से 2016 के बीच “रीगल भवन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इंडिया लिमिटेड” कंपनी के डायरेक्टर पंकज कुमार वर्मा ने गांव में एजेंट बनाकर लोगों से पैसा दोगुना करने का लालच दिया। आरोपी द्वारा लोगों से रकम एकत्र कर करबला रोड स्थित कार्यालय में जमा कराया जाता था।
शिकायत के अनुसार, गांव के कई लोगों से करीब 15 लाख रुपये जमा कराने के बाद आरोपी कार्यालय बंद कर फरार हो गया। मामले में पुलिस ने धारा 420 और 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर रीवा (मध्यप्रदेश) के ग्राम टिकिया में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



