रायगढ़ । TODAY छत्तीसगढ़ / जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड स्थित एक ट्रांसपोर्ट कार्यालय में मारपीट, लूटपाट और तोड़फोड़ की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को डकैती सहित गंभीर धाराओं में न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी उपेंद्र सिंह (60) निवासी कैदीमुड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 अप्रैल की शाम वह अपने कार्यालय जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में खड़ी कार को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
प्रार्थी जान बचाने के लिए अपने कार्यालय की ओर भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए। आरोपियों ने कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की और जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान कर्मचारी बृजनंदन सिंह से मोबाइल छीन लिया गया तथा कैश काउंटर से हिसाब-किताब की डायरी और करीब 1.50 लाख रुपये नगद लूटकर आरोपी वाहन से फरार हो गए। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साक्ष्य संकलित कर पांच आरोपियों—शिवा पटेल उर्फ विक्की, सुखसागर सारथी उर्फ सागर, मनोज सारथी, लोकेश्वर साहु और गणेश दास महंत उर्फ नानु—को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने फरार साथियों टिकम और किशन महंत के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया है। आरोपियों के पास से लूट की रकम में से मात्र 370 रुपये ही बरामद किए जा सके हैं। पुलिस के अनुसार शेष रकम आरोपियों ने खर्च कर दी या भागते समय गिर गई। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



