भीषण गर्मी के चलते व्यापम परीक्षाओं का समय बदला, अब सुबह 10 बजे से होंगी


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए व्यापम द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब परीक्षाएं सुबह 10 बजे से प्रारंभ होंगी, जबकि पूर्व में ये परीक्षाएं प्रायः दोपहर 12 बजे से आयोजित की जाती थीं।

व्यापम द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के समय में बदलाव करते हुए अभ्यर्थियों को राहत देने का निर्णय लिया गया है। इस क्रम में मंडी बोर्ड की उप निरीक्षक परीक्षा 26 अप्रैल को निर्धारित परीक्षा केंद्रों में सुबह 10 बजे से आयोजित होगी। इसके बाद 14 मई को एसएससी नर्सिंग एवं पीईटी प्रवेश परीक्षा तथा 21 मई को पीपीएचटी परीक्षा भी सुबह 10 बजे से आयोजित की जाएगी।कलेक्टर संजय अग्रवाल ने टीएल बैठक में इन परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के लिए शीतल पेयजल, पंखे तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भीषण गर्मी के बीच अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने अभ्यर्थियों को बदले हुए समय का ध्यान रखने और उसके अनुरूप समय पूर्व केंद्रों में पहुंचने का आग्रह किया है। प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों में समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा अब धरातल पर


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती पर रखी गई आधारशिला अब धरातल पर उतर आई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने पत्थलगांव-कुनकुरी से छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा (NH-43) तक 3147 करोड़ रूपये की लागत वाले मेगा परियोजना का निर्माण कार्य जमीनी स्तर पर शुरू कर दिया है।

छत्तीसगढ़ में सबसे लंबा विस्तार

627 किलोमीटर लंबे रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर का सबसे महत्वपूर्ण और विशाल हिस्सा छत्तीसगढ़ से होकर गुजरता है। कुल लंबाई का लगभग 384 किलोमीटर हिस्सा छत्तीसगढ़ में है। वर्तमान में 104.250 किलोमीटर लंबे पत्थलगांव-झारखंड सीमा खंड पर निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है।

382 छोटी-बड़ी संरचनाएं

इस खंड में कुल 382 छोटी-बड़ी संरचनाएं (पुल, अंडरपास आदि) बनाई जाएंगी, जो इस मार्ग को बाधारहित (Hassle-free) बनाएंगी। जिसमें 7 बड़े पुल, 30 छोटे पुल, 6 फ्लाईओवर और एक एलीवेटेड वायडक्ट स्ट्रक्चर, 10 वेहिकुलर अंडरपास (VUP), 18 लाइट वेहिकुलर अंडरपास (LVUP), 26 स्मॉल वेहिकुलर अंडरपास (SVUP), 11 ईओपी, 21 मवेशी एवं पैदल यात्री अंडरपास (PUP) और 278 बॉक्स पुलिया (Culverts) का निर्माण किया जा रहा है

इंटर-स्टेट कनेक्टिविटी होगी मजबूत

कोरबा परियोजना इकाई के परियोजना निदेशक श्री डी.डी. पार्लावर ने बताया कि यह खंड रायपुर-धनबाद कॉरिडोर की रीढ़ है जिसका निर्माण कार्य शुरू हो गया है। हमारा लक्ष्य इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करना है। यह राजमार्ग छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच इंटर-स्टेट कनेक्टिविटी और व्यापारिक परिवहन को नई मजबूती देगा।

जशपुर जिले की बदलेगी तकदीर

यह कॉरिडोर जशपुर जिले के लिए केवल सड़क नहीं, बल्कि लाइफलाइन साबित होगा। इसे इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि यह अंचल के महत्वपूर्ण नगरों- पत्थलगांव, कांसाबेल, कुनकुरी, दुलदुला और जशपुर को एक सूत्र में पिरोएगा। साथ ही, यह राजमार्ग रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़ और कोरबा जैसे औद्योगिक शहरों को सीधे झारखंड के धनबाद से जोड़कर व्यापारिक सुगमता प्रदान करेगा।

तेज और सुरक्षित कनेक्टिविटी

तेज और सुरक्षित कनेक्टिविटी के परिणामस्वरूप ईंधन, यात्रा समय और कुल परिवहन लागत में बचत होगी। छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच कोयला खदानों एवं कोरबा, रायगढ़, जशपुर, रांची और जमशेदपुर में स्थित प्रमुख इस्पात संयंत्रों के लिए बेहतर अंतर-राज्यीय कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। यातायात में सुगम आवागमन एवं दुर्घटनाओं और प्रदूषण में कमी होगी। वस्तुओं और खनिजों के कुशल परिवहन से आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार व व्यावसायिक अवसरों का सृजन होगा।

चरित्र संदेह को लेकर पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम रिसदा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को सूचना मिली कि जीवन नोरगे (65 वर्ष) ने अपनी पत्नी सरस्वती नोरगे की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थाना मस्तूरी में अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम और एफएसएल यूनिट ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कई वर्षों से अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने घर में रखी लोहे की कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

ACB की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार


सूरजपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /   छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सूरजपुर जिले में एसीबी की टीम ने एक पटवारी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मरहटा निवासी रूप सिंह ने एसीबी अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम सेन्धोपारा, तहसील प्रतापपुर स्थित उनकी जमीन के नामांतरण और नौकरी संबंधी पटवारी प्रतिवेदन तैयार करने के एवज में पटवारी सौरभ गोस्वामी द्वारा 25,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने एसीबी से संपर्क किया। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। 22 अप्रैल को की गई कार्रवाई में आरोपी पटवारी को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। इसके बाद एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल एसीबी मामले की आगे जांच कर रही है। 

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com