युवती की आत्महत्या मामले में मंगेतर गिरफ्तार, मानसिक प्रताड़ना का आरोप


रायगढ़। 
TODAY छत्तीसगढ़  / थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में युवती द्वारा जहर सेवन कर आत्महत्या किए जाने के संवेदनशील मामले में पुलिस ने अहम कार्रवाई करते हुए मंगेतर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, मर्ग जांच के दौरान सामने आया कि मृतिका (29 वर्ष) का विवाह मई 2025 में आरोपी केशव पटेल (28 वर्ष) निवासी ग्राम चुहकीमाल से तय हुआ था और दिसंबर में शादी प्रस्तावित थी। लेकिन शादी से कुछ दिन पहले युवती को पता चला कि आरोपी का किसी अन्य युवती से संबंध है और वह उसी से विवाह करना चाहता है।

बताया जा रहा है कि आरोपी लगातार फोन कर युवती को मानसिक रूप से परेशान करता था, जिससे वह गहरे तनाव में थी। इसी से व्यथित होकर युवती ने 9 सितंबर 2025 को अपने घर में जहर सेवन कर लिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद आरोपी ने उसी युवती से विवाह कर लिया, जिसके साथ उसके संबंध थे। पुलिस को पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने युवती से विवाह तय होने और बातचीत की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सट्टा पट्टी लिखते आरोपी पर पुलिस का शिकंजा, पुराना बस स्टैंड से गिरफ्तारी


बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में सट्टा कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस ने एक सटोरिये को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुराना बस स्टैंड क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि हनुमान मंदिर के पास एक व्यक्ति लोगों को लालच देकर अंकों पर सट्टा पट्टी लिख रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

जांच के दौरान आरोपी के पास से सट्टा पट्टी, 4500 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। मोबाइल में व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टा से संबंधित लेन-देन के साक्ष्य भी मिले हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 14,500 रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुशांत गुलहरे (43 वर्ष) पिता स्व. घनश्याम गुलहरे निवासी टिकरापारा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मोबाइल टावर से केबल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, लाखों का सामान बरामद


बिलासपुर। 
TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में मोबाइल टावरों से केबल चोरी करने वाले गिरोह का सीपत पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड भेजा गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 2.90 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खम्हरिया के सोंठी रोड बाजार के पास कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। सूचना पर थाना प्रभारी के निर्देश पर टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पिछले चार-पांच महीनों से एक कार में घूम-घूमकर विभिन्न जिलों में मोबाइल टावरों से कॉपर केबल और एल्युमिनियम तार चोरी कर रहे थे। गिरोह तखतपुर, मुंगेली, कबीरधाम, कोरबा सहित कई क्षेत्रों में सक्रिय था।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक क्विंटल से अधिक कॉपर केबल, 54 किलोग्राम प्लास्टिक कोटेड कॉपर वायर, 12 बंडल एल्युमिनियम तार सहित कुल 2 लाख 90 हजार 400 रुपये का सामान जब्त किया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त एक अर्टिगा कार भी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में शहबाज अली (25), जगदीश कुमार पटेल (24) और मोईउद्दीन (27) शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

सकरी बाईपास पर भीषण टक्कर के बाद ट्रेलर में लगी आग, चालक जिंदा जला


बिलासपुर।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले के सकरी बाईपास रोड स्थित संबलपुरी ओवरब्रिज पर रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां दो ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर के बाद लगी आग में एक चालक की दर्दनाक मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओवरब्रिज पर आगे चल रही ट्रेलर को पीछे से आ रही कोयले से लदी तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चालक केबिन में ही फंस गया। वह बाहर निकलने का मौका नहीं पा सका और जिंदा जल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। 

सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। उसका शव केबिन के अंदर बुरी तरह झुलस गया था। फिलहाल पुलिस द्वारा शव को बाहर निकालने की प्रक्रिया जारी है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। 


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com