बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.35 किलोग्राम गांजा और 42,500 रुपये नकद जब्त किए हैं।
पकड़े गए आरोपी की पहचान कार्तिक गुप्ता (29) निवासी बजरंग चौक, तालापारा, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 20 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कूटी में गांजा लेकर व्यापार विहार स्थित तारा मंडल के पीछे रेलवे लाइन के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान स्कूटी (क्रमांक सीजी-10 सीडी-1592) की डिग्गी से 4.35 किलोग्राम गांजा और 42,500 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए एंड-टू-एंड जांच कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।



