LATEST NEWS
Loading Latest News...
बलौदा बाजार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
बलौदा बाजार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

जहरीली शराब या सुनियोजित साजिश? 8 मौतों ने खड़े किए बड़े सवाल

बलौदाबाजार। TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले के कसडोल क्षेत्र अंतर्गत खरवे गांव में पांच दिनों के भीतर आठ ग्रामीणों की मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर जहरीली शराब पिलाकर लोगों की जान लेने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम गांव पहुंचकर जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, मौतों के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मृतकों के दफन शवों को बाहर निकाला जा रहा है। शवों का पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक परीक्षण कराया जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मौतें जहरीली शराब के सेवन से हुई हैं या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। जांच के दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

उल्लेखनीय है कि कथित जहरीली शराब कांड के बाद मंगलवार को खरवे गांव के सैकड़ों ग्रामीण कसडोल थाना पहुंचे थे। ग्रामीणों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर लोगों को शराब पिलाकर उनकी जान लेने का गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। ग्रामीणों का दावा है कि जिन लोगों की मौत हुई, उन्होंने एक ही स्रोत से शराब का सेवन किया था। शराब पीने के कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

फिलहाल पुलिस, एफएसएल और प्रशासनिक अमला पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमय मौतों की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है।




© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com