Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

‘डिजिटल युग में हिंदी का विस्तार’ पर हुई चर्चा, रेलवे मुख्यालय में वाक् प्रतियोगिता

राजभाषा पखवाड़े में हिंदी वाक् प्रतियोगिता, 15 प्रतिभागियों ने दिखाया भाषण कौशल

CG NEWS: TODAY छत्तीसगढ़  / बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर मुख्यालय में राजभाषा हिंदी को कामकाज में अधिक से अधिक बढ़ावा देने के उद्देश्य से हिंदी वाक् प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 14 से 28 सितंबर तक चल रहे राजभाषा पखवाड़े के तहत आयोजित किया गया।

प्रतियोगिता का आयोजन महाप्रबंधक कार्यालय स्थित जोनल सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विजय कुमार, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मौजूद रहे।

हिंदी वाक् प्रतियोगिता के लिए दो विषय निर्धारित किए गए थे। इनमें ‘डिजिटल युग में हिंदी का विस्तार’ और ‘सोशल मीडिया और हमारी निजता’ शामिल रहे। रेल कार्यालय और नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर के कुल 15 अधिकारियों-कर्मचारियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने निर्धारित विषयों पर अपने विचार हिंदी में प्रस्तुत किए।

निर्णायकों ने दिए सुझाव

प्रतियोगिता में उदय कुमार भारती, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (राजपत्रित) और शिवरंजनी पोपली वर्मा, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी (सिगनल) ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता के समापन पर निर्णायकों ने प्रतिभागियों के विचारों और प्रस्तुतिकरण पर समीक्षात्मक टिप्पणियां कीं। साथ ही आगामी राजभाषा प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

राजभाषा पखवाड़े में होंगे विभिन्न कार्यक्रम 

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मुख्यालय में 14 से 28 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार के मार्गदर्शन में इस दौरान हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रेरक प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा