Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

SECL ने रचा इतिहास, एक साथ 5 खदानों को मिली देश की सर्वोच्च 5-स्टार रेटिंग

SECL की बड़ी उपलब्धि, एक ही साल में पांच खदानों को मिला सर्वोच्च स्टार सम्मान

कोयला मंत्रालय की वित्तीय वर्ष 2024-25 की स्टार रेटिंग में एसईसीएल की पांच खदानों और परियोजनाओं को सर्वोच्च 5-स्टार रेटिंग मिली है। कंपनी के इतिहास में पहली बार एक ही मूल्यांकन वर्ष में पांच इकाइयों को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है।
बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कोयला मंत्रालय की प्रतिष्ठित स्टार रेटिंग प्रणाली में कंपनी की पांच खदानों और परियोजनाओं को सर्वोच्च 5-स्टार रेटिंग से सम्मानित किया गया है। एक ही मूल्यांकन वर्ष में पांच इकाइयों को यह सम्मान मिलना एसईसीएल के इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

5-स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाली इकाइयों में सोहागपुर क्षेत्र की बंगवार और खैराहा भूमिगत खदान, जोहिला क्षेत्र की बेहराबांध भूमिगत खदान, हसदेव क्षेत्र की विजय वेस्ट भूमिगत खदान तथा भटगांव क्षेत्र की जगन्नाथपुर ओपनकास्ट परियोजना शामिल हैं।

कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली के तहत देशभर की कोयला एवं लिग्नाइट खदानों का कई मानकों पर व्यापक मूल्यांकन किया जाता है। इसमें सुरक्षित एवं वैज्ञानिक खनन, पर्यावरण संरक्षण, भूमि पुनर्वास, आधुनिक तकनीक का उपयोग, श्रमिक सुरक्षा एवं कल्याण, वैधानिक अनुपालन, सामाजिक उत्तरदायित्व और परिचालन दक्षता जैसे पहलुओं का आकलन किया जाता है। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानों को ही 5-स्टार रेटिंग प्रदान की जाती है।

इस वर्ष सम्मानित एसईसीएल की भूमिगत खदानों बंगवार, खैराहा, बेहराबांध और विजय वेस्ट ने सुरक्षित संचालन, वैज्ञानिक खनन, उत्पादन दक्षता, श्रमिक कल्याण और पर्यावरण प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। वहीं जगन्नाथपुर ओपनकास्ट परियोजना, जो इस वर्ष एसईसीएल की एकमात्र 5-स्टार ओपनकास्ट परियोजना बनी, ने ओवरबर्डन प्रबंधन, हरित विकास, जल संरक्षण और सुरक्षित उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां दर्ज कीं।

एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एक साथ पांच खदानों को 5-स्टार रेटिंग मिलना पूरे एसईसीएल परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इसे कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, सुरक्षित कार्य संस्कृति और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम बताया।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा