Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

किराना दुकान में चोरी करने वाले दो चोर गिरफ्तार, दो फरार

चोरी का माल बरामद, दो आरोपी जेल भेजे गए; दो साथी अभी भी फरार

"पुलिस ने किराना दुकान में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 11 हजार रुपये का चोरी का सोयाबीन तेल बरामद हुआ है"
बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  तखतपुर थाना पुलिस ने किराना दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोयाबीन तेल के टिन और प्लास्टिक जरीकेन बरामद किए हैं। वहीं, मामले के दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को तखतपुर निवासी परमीत सलूजा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम जरौधा स्थित उनकी किराना दुकान से अज्ञात चोरों ने 15 लीटर क्षमता के तीन टिन सोयाबीन तेल, पांच लीटर वाले चार प्लास्टिक जरीकेन, पांच किलो आटा, अन्य सामान तथा गल्ले से करीब 10 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। कुल चोरी की गई संपत्ति की कीमत लगभग 22,500 रुपये बताई गई।

विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का सामान ग्राम जरौधा में गोपाल मेहर के कोठार के पैरावट में छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कलेश्वर मेहर (21) और कुंदन धृतलहरे (21) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 15 लीटर के तीन टिन और पांच लीटर के चार प्लास्टिक जरीकेन में रखा सोयाबीन तेल, जिसकी कीमत करीब 11 हजार रुपये है, बरामद किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में बंटी साहू और सुमित यादव नामक दो अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अवनीश पासवान, प्रधान आरक्षक रामायण राजपूत तथा आरक्षक आशीष, हरीश यादव और संतोष पोर्ते की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा