बिलासपुर: TODAY छत्तीसगढ़ / सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस ने वाहनों में अतिरिक्त लोहे के एंगल लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने DJ लोड करने के लिए वाहन के दाएं-बाएं और ऊपर अतिरिक्त एंगल लगाए गए दो पिकअप वाहनों को जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, इस तरह किए गए बदलाव से सड़क पर दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है।
हाईवे और मेन रोड पर पकड़े गए वाहन
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर बिल्हा थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान हाईवे रोड बिल्हा पर माजदा क्रमांक CG 10 AF 5072 को जांच के लिए रोका गया। वाहन के मालिक/चालक रोहित साहू (29), निवासी खरकेना, थाना हिर्री के वाहन में DJ लोड करने के लिए अतिरिक्त लोहे के एंगल लगाए गए थे।
इसी तरह बिल्हा मेन रोड पर माजदा क्रमांक CG 10 CE 3303 में भी दाएं, बाएं और ऊपर की ओर अतिरिक्त लोहे के एंगल लगे मिले। इस वाहन से जुड़े चैनदास मानिकपुरी (24), निवासी बिल्हा के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने दोनों पिकअप किए जब्त
पुलिस के अनुसार, दोनों वाहनों में अतिरिक्त एंगल लगे पाए जाने पर मौके पर पंचनामा तैयार किया गया। संबंधित वाहनों के खिलाफ धारा 130(3)/177 और 194(1)(ए) मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। दोनों पिकअप वाहनों को धारा 207 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जब्त किया गया है।
हादसे की आशंका को देखते हुए कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि वाहनों में इस तरह अतिरिक्त लोहे के एंगल लगाने से सड़क पर दूसरे वाहनों और राहगीरों के लिए खतरा पैदा हो सकता है। इसी को देखते हुए जिले में ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बिल्हा पुलिस ने कहा है कि वाहनों में अवैध या असुरक्षित तरीके से किए गए बदलाव और अन्य गतिविधियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

