Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

क्राइम अलर्ट: अवैध शराब और हथियारों के ख़िलाफ़ पुलिस का बड़ा एक्शन

उरला, खमतराई, पंडरी और खम्हारडीह इलाक़े में पुलिस की कॉम्बिंग गश्त. 29 असामाजिक तत्वों पर BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराध और अपराधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने 'ऑपरेशन कालचक्र' चलाया है. नॉर्थ ज़ोन के पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक ही दिन में 190 वारंट तामील किए हैं.

अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य फ़रार अभियुक्तों की गिरफ़्तारी, वारंटों की तामीली और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है.

कई थानों की संयुक्त कार्रवाई

रायपुर कमिश्नरेट से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक़, बुधवार (1 जुलाई ) को नॉर्थ ज़ोन के उरला, खमतराई, पंडरी और खम्हारडीह सहित कई थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कॉम्बिंग गश्त की.

  • वारंट तामीली: पुलिस ने इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान कुल 190 वारंटों की तामीली की है. इनमें 24 स्थायी वारंट, 68 गिरफ़्तारी वारंट और 98 ज़मानती वारंट शामिल हैं.

  • अभियान के दौरान कई पुराने और फ़रार अभियुक्तों को भी गिरफ़्तार किया गया है.

29 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने आदतन अपराधियों, निगरानीशुदा बदमाशों और चाकूबाज़ों की सघन चेकिंग की.

  • शांति व्यवस्था भंग करने वाले और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने 29 लोगों के ख़िलाफ़ 'भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता' (BNSS) की धारा 170, 126 और 135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है.

  • इसके अलावा, अवैध हथियारों और शराब की बिक्री के ख़िलाफ़ भी सख़्ती बरती गई है. पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत 8 और आर्म्स एक्ट के तहत 3 मामले दर्ज़ कर अभियुक्तों पर वैधानिक कार्रवाई की है.

रायपुर कमिश्नरेट की ओर से स्पष्ट किया गया है कि शहर में शांति और क़ानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और अपराधियों के ख़िलाफ़ इस तरह के विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे.

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com