बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला सर्विलांस इकाई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय तथा नगर पालिक निगम बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में नगर निगम के फ्रंटलाइन सफाई कर्मचारियों के लिए विशेष हेपेटाइटिस जांच एवं टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शिविर में नगर निगम के 142 फ्रंटलाइन सफाई कर्मचारियों की निःशुल्क हेपेटाइटिस ‘बी’ और ‘सी’ की जांच की गई। संक्रमण के जोखिम को देखते हुए कर्मचारियों को समय पर जांच, उपचार और बचाव संबंधी जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सफाई कर्मियों को हेपेटाइटिस संक्रमण के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर जांच के महत्व तथा हेपेटाइटिस ‘बी’ टीकाकरण के बारे में विस्तार से जागरूक किया।
सीएमएचओ डॉ. शुभा गढ़ेवाल ने बताया कि इस विशेष शिविर का उद्देश्य सफाई मित्रों के बीच हेपेटाइटिस के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच के माध्यम से उन्हें निःशुल्क उपचार सेवाओं से जोड़ना तथा अग्रिम पंक्ति के कर्मियों को संक्रमण से सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ फ्रंटलाइन कर्मचारी ही स्वच्छ और स्वस्थ शहर की मजबूत नींव हैं, इसलिए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी (एनवीएचसीपी) डॉ. प्रमोद तिवारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रक्षित जोगी, जिला प्रबंधक (आईडीएसपी) श्याम मोहन दुबे, डिस्ट्रिक्ट एपिडेमियोलॉजिस्ट पंकज सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

