दुर्ग। TODAY छत्तीसगढ़ / स्कूटी खराब होने पर मदद मांगना दो युवकों को भारी पड़ गया। बदमाशों ने चोरी का संदेह जताकर पहले दोनों का अपहरण किया, फिर मारपीट कर नकदी, मोबाइल, स्कूटी, चांदी के आभूषण और अन्य सामान लूट लिया। इतना ही नहीं, पीड़ित से जबरन डिजिटल भुगतान के जरिए भी रुपये ट्रांसफर करा लिए। सुपेला थाना पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों और चार अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक, बालोद जिले के डौंडी निवासी युवक अपने रिश्तेदार के साथ 2 जुलाई की रात दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। तड़के करीब साढ़े चार बजे गदा चौक स्थित पुरानी शराब भट्ठी के पास उसकी स्कूटी खराब हो गई। उसने वहां मौजूद कुछ युवकों से मदद मांगी, लेकिन आरोपियों ने स्कूटी चोरी की होने का संदेह जताते हुए अपने अन्य साथियों को बुला लिया।
इसके बाद आरोपियों ने दोनों युवकों को जबरन विभिन्न स्थानों पर ले जाकर मारपीट की। बदमाशों ने उनके पास से स्कूटी, दो मोबाइल फोन, नकदी, पर्स, जरूरी दस्तावेज, इलेक्ट्रिकल कार्य में उपयोग होने वाला सामान, चांदी की अंगूठियां और ब्रेसलेट लूट लिए।
डिजिटल पेमेंट से भी वसूले रुपये
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित को धमकाकर उसके डिजिटल भुगतान माध्यम से ₹18,180 भी अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कुल लूट की राशि और संपत्ति का मूल्य करीब ₹87,180 है। बाद में आरोपियों ने पीड़ित को पुलगांव क्षेत्र ले जाकर धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और शिकायत नहीं करने के लिए जबरन वीडियो भी बनवाया।
चार अपचारी बालक भी शामिल
मामला दर्ज होने के बाद सुपेला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित से आरोपियों की पहचान कराई और दो आरोपियों तथा चार अपचारी बालकों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मदद के बहाने रची थी साजिश
प्रारंभिक जांच में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने स्कूटी खरीदने और सहायता करने का झांसा देकर पीड़ित को अपने कब्जे में लिया और सुनियोजित तरीके से अपहरण कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने या डायल-112 पर दें। किसी भी परिस्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। पुलिस ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

