Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

बकरी को बचाने के प्रयास में पुलिया से टकराई बाइक, एक ही परिवार के तीन घायल

सड़क हादसा, डायल 112 ने तीन घायलों को पहुंचाया अस्पताल

बलौदाबाजार।  TODAY छत्तीसगढ़  / कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम सुगदा (तुरतुरिया के पास) मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, बाइक के सामने अचानक बकरी आ जाने से उसे बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई।

कंट्रोल रूम से सुबह करीब 11 बजे सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक सहायता देने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसडोल पहुंचाकर भर्ती कराया।

घायलों की पहचान रामनारायण वर्मा (55 वर्ष), उनकी पत्नी रेवती बाई वर्मा (50 वर्ष) और उनकी 14 वर्षीय बेटी के रूप में हुई। तीनों ग्राम जंगलोर (थाना पलारी) के निवासी हैं और अर्जुनी (बलदाकछार) स्थित एक परिचित के घर जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, हादसे में बाइक चालक रामनारायण वर्मा के सिर, कमर, पीठ, पैर और घुटने में गंभीर चोटें आई हैं। उनके दाहिने कंधे और दाहिने हाथ की कलाई में भी फ्रैक्चर हुआ है। वहीं उनकी पत्नी और बेटी को सामान्य चोटें आई हैं।

डायल 112 में तैनात आरक्षक आशुतोष बंजारे और वाहन चालक नेतराम पटेल ने घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। परिजनों का संपर्क नंबर उपलब्ध नहीं होने पर पुलिस ने गांव के सरपंच के माध्यम से परिवार को हादसे की सूचना पहुंचाई, ताकि वे समय पर अस्पताल पहुंच सकें।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा