Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

जिले में एक भी स्कूल नहीं रहेगा एकल शिक्षक वाला, 18 जुलाई को 10 लाख पौधारोपण का लक्ष्य

टीएल बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  / कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में एक भी स्कूल ऐसा नहीं होना चाहिए, जहां केवल एक शिक्षक पदस्थ हो। उन्होंने शिक्षा, जनकल्याण, शिकायत निवारण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर ने राज्य शासन की फ्लैगशिप योजनाओं, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, खेती-किसानी और अन्य प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

11 एकल शिक्षक विद्यालयों में होगी अतिरिक्त शिक्षकों की पदस्थापना

कलेक्टर ने बताया कि जिले में वर्तमान में 11 एकल शिक्षक विद्यालय हैं। उन्होंने इन विद्यालयों में शीघ्र अतिरिक्त शिक्षकों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी स्कूलों में स्मार्ट टीवी एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का करें सार्थक निराकरण

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण न किया जाए। आवेदकों से चर्चा कर उनकी समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने हेल्पलाइन पोर्टल का प्रतिदिन सुबह-शाम निरीक्षण करने और लंबित शिकायतों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए।

18 जुलाई को होगा जिला स्तरीय महावृक्षारोपण

बैठक में वर्षा ऋतु के दौरान पौधारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बताया कि जिले में इस वर्ष 10 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत 18 जुलाई को जिला स्तरीय महावृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि वन विभाग ने 8.17 लाख और उद्यानिकी विभाग ने 2.31 लाख पौधे तैयार कर लिए हैं। कलेक्टर ने बड़े पौधे लगाने, शहर से लगे क्षेत्रों और विरल वन क्षेत्रों को प्राथमिकता देने के साथ पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने से अधिक महत्वपूर्ण उनका संरक्षण है।

धान खरीदी और छात्रवृत्ति की तैयारियों पर जोर

कलेक्टर ने आगामी धान खरीदी सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि पिछले वर्ष आई समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं नए शिक्षा सत्र के मद्देनजर विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति पोर्टल पर शीघ्र पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए।

पीएम जनमन योजना का लाभ घर-घर पहुंचाएं

पीएम जनमन योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों, विशेषकर बैगा और बिरहोर समुदाय के हितग्राहियों के घर पहुंचकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराई जाएं, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

बारिश में सुरक्षा और मवेशियों की समस्या पर भी निर्देश

कलेक्टर ने बारिश के मौसम को देखते हुए पुल-पुलियों और नदी-नालों की लगातार निगरानी करने तथा उफनते जलस्त्रोतों से लोगों और विद्यार्थियों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों पर घूम रहे मवेशियों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें गौठानों और आश्रय स्थलों में स्थानांतरित करने को कहा।

बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं, जनदर्शन, लोक सेवा गारंटी, जिला खनिज न्यास (डीएमएफ), राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण हटाने सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में लंबित मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा