TODAY छत्तीसगढ़ / छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ज़िले में पुलिस ने एक ज्वेलरी (सर्राफ़ा) दुकान के बाहर से लाखों रुपये के आभूषण चोरी होने के मामले का ख़ुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में तीन मुख्य अभियुक्तों और चोरी का माल ख़रीदने वाले एक अन्य व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है.
अधिकारियों के मुताबिक़, अभियुक्तों के पास से क़रीब 6.80 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण तथा वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है. विधिक प्रक्रिया के बाद अदालत के निर्देश पर सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत (रिमांड) में भेज दिया गया है.
बिलासपुर पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह घटना 20 फ़रवरी 2026 की शाम की है. जांजगीर-चांपा ज़िले के बलौदा निवासी विभूति विनय सोनी ग्राम खम्हरिया (बिलासपुर) में 'रमेश ज्वेलर्स' के नाम से दुकान चलाते हैं.
पुलिस में दर्ज़ शिकायत के मुताबिक़, रात क़रीब 7 बजे विभूति अपनी दुकान बंद कर रहे थे. उन्होंने सोने-चांदी के जेवर और एक लाख रुपये नक़द से भरे दो बैग दुकान के बाहर रखे थे. इसी दौरान एक नक़ाबपोश युवक पीछे से आया और जेवर व नक़दी से भरे दोनों बैग लेकर फ़रार हो गया. वह कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल लेकर खड़े अपने दो अन्य साथियों के साथ भाग निकला.
पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सीपत थाना पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल और बलौदा शहर के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली.
इस मामले में पुलिस को अहम सुराग़ 4 जून को मिला. गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ज़िले की कोटमीकला चौकी पुलिस ने आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत तीन अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया था.
पूछताछ के दौरान इन अभियुक्तों ने ग्राम खम्हरिया में 20 फ़रवरी को हुई ज्वेलरी दुकान की चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने चोरी किए गए आभूषण आपस में बांट लिए थे.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस चोरी को अंजाम देने वाले तीन मुख्य अभियुक्त और एक ख़रीदार को गिरफ़्तार किया गया है. पुलिस ने ख़ुशीराम साहू, मनीष उर्फ़ राहुल मंडल और राजाराम साहू के अलावा ख़रीदार दीपक वर्मा ग्राम सेल, थाना कसडोल, ज़िला बलौदा बाज़ार (इसने अभियुक्त ख़ुशीराम साहू से चोरी की चांदी ख़रीदी थी) को भी गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने अभियुक्तों और ख़रीदार की निशानदेही पर 2.88 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 13.30 ग्राम सोने के आभूषण (टॉप्स) और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 10 BF 2654) बरामद की है, जिसे श्मशान घाट के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था.
