Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

योग के साथ कल होगा एक और बड़ा काम, कलेक्टर ने जारी किए सख़्त निर्देश

सिर्फ़ योग नहीं, अब नशे के ख़िलाफ़ भी गूंजेगी आवाज़...

TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ज़िले में इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के मौक़े पर एक ख़ास पहल की जा रही है. ज़िला प्रशासन के मुताबिक़, सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रमों के समापन के बाद सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति का संकल्प भी अनिवार्य रूप से दिलाया जाएगा.

यह क़दम राज्य के समाज कल्याण विभाग के 'नशामुक्त भारत अभियान' के तहत उठाया जा रहा है, जिसका मक़सद योग को जनजागरूकता और समाज सुधार के काम से जोड़ना है.

प्रशासन ने जारी किए निर्देश

बिलासपुर के कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस संबंध में ज़िले के सभी सरकारी विभागों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों और आयोजन समितियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. प्रशासन के अनुसार, सामूहिक योग कार्यक्रम के समाप्त होने पर वहां मौजूद मुख्य अतिथि के माध्यम से यह शपथ दिलाई जाएगी.

क्या होगा संकल्प ? इस कार्यक्रम के तहत सभी प्रतिभागी न सिर्फ़ ख़ुद को हर तरह के नशे से दूर रखने की शपथ लेंगे, बल्कि अपने परिवार, समाज और ख़ासकर युवाओं को भी नशामुक्त बनाने के लिए जागरूक करने का संकल्प लेंगे.

'नशामुक्त भारत सप्ताह' का हिस्सा है यह पहल

ग़ौरतलब है कि ज़िले में 17 जून से 26 जून तक 'नशामुक्त भारत सप्ताह' मनाया जा रहा है. इसके तहत पहले से ही कई तरह के जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं.

अधिकारियों का कहना है कि योग दिवस की थीम 'योग फ़ॉर वेलनेस' (Yoga for Wellness) के साथ नशा मुक्ति के इस संकल्प को जोड़कर एक स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का संदेश देने की कोशिश की जा रही है. प्रशासन ने सभी आयोजकों से अपील की है कि वे इन कार्यक्रमों में आम लोगों की ज़्यादा से ज़्यादा भागीदारी सुनिश्चित करें.

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com