रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / तमनार में बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे ग्रामीण की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर दो लाख रुपये उड़ाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। रायगढ़ पुलिस ने सात दिनों तक जशपुर जिले में कैंप कर कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई नई बाइक तथा डिक्की तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम गौरबहरी निवासी लोकेश्वर पटेल ने 8 जून को तमनार स्थित अपेक्स बैंक से दो लाख रुपये निकाले थे। राशि को मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर वह तहसील कार्यालय किसी कार्य से गए थे। करीब 20 मिनट बाद लौटने पर डिक्की टूटी मिली और उसमें रखी पूरी रकम गायब थी। मामले में तमनार थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गिरोह के सदस्य बैंक से बड़ी रकम निकालने वाले लोगों की रेकी कर उन्हें निशाना बनाते थे। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय पहचानकर्ताओं की मदद से पुलिस धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट तक पहुंची। इसके बाद जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में लगातार निगरानी रखकर आरोपी को गांव के समीप खेत क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी विशाल उर्फ हरि नट के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि चोरी की गई राशि का बंटवारा किया गया था और उसके हिस्से में आए एक लाख रुपये से उसने नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई दूसरी नई अपाचे मोटरसाइकिल तथा डिक्की तोड़ने में उपयोग किए गए लोहे के औजार बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट (40) निवासी ग्राम झक्कड़पुर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर के रूप में हुई है।
