Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

दुकान में घुसकर बहनों से गाली-गलौज और मारपीट, दो युवक गए जेल

दुकान में तोड़फोड़ और मारपीट, असामाजिक तत्वों पर पुलिस का शिकंजा

राजनांदगांव। TODAY छत्तीसगढ़  / जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपियों पर समोसा दुकान संचालित करने वाली दो बहनों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश में अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

प्रार्थिया ने थाना बसंतपुर में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार की शाम करीब 4.30 बजे वह अपनी छोटी बहन के साथ शिव मंदिर के सामने स्थित समोसा दुकान में कार्य कर रही थी। इसी दौरान आरोपी मोनू यादव उर्फ भांगड़ा और राज वर्मा वहां शराब पीते हुए पहुंचे और दोनों बहनों को देखकर अश्लील गालियां देने लगे।

विरोध करने पर आरोपियों ने दुकान के पास आकर सामान फेंक दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए महिला के साथ हाथ-मुक्के और लात से मारपीट की। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 279/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपी लगातार विवाद कर रहे थे और पीड़िता को शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बना रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों को जिला जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में इंदिरा नगर निवासी 19 वर्षीय मोनू यादव उर्फ भांगड़ा तथा 21 वर्षीय राज वर्मा शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com