Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

बच्चों को कमरे में बंद किया और पत्नी पर डाल दिया पेट्रोल... पारिवारिक हिंसा की ख़ौफ़नाक वारदात

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसी, बमुश्किल बची महिला की जान... पत्नी को जलाने वाला पति फ़रार


TODAY
छत्तीसगढ़  /
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ज़िले में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी पर कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का मामला सामने आया है. झुलसी हुई महिला को गंभीर हालत में इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पचपेड़ी थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर अभियुक्त पति के ख़िलाफ़ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

कमरे की कुंडी बंद कर वारदात को दिया अंजाम

यह घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम रेलहा की है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय पीड़िता अपने पति और चार बच्चों के साथ रहती है.

घटना मंगलवार (23 जून) देर रात क़रीब 2:30 बजे की है. भोजन करने के बाद परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे. बच्चे कमरे के भीतर थे, जबकि महिला और उसका पति बाहर परछी (बरामदे) में सोए हुए थे.

आरोप है कि देर रात पति अचानक उठा और उसने बच्चों को बाहर निकलने से रोकने के लिए उनके कमरे का दरवाज़ा बाहर से बंद कर दिया. इसके बाद उसने सो रही पत्नी पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी.

पड़ोसियों ने बचाई जान, बलौदाबाज़ार में दिखी लोकेशन

महिला की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौक़े पर पहुंचे और किसी तरह आग पर क़ाबू पाकर महिला की जान बचाई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौक़े पर पहुंच गई थी.

गंभीर रूप से झुलसी महिला को बुधवार तड़के सिम्स (CIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में शिफ़्ट किया है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

पचपेड़ी थाना पुलिस के मुताबिक़, वारदात को अंजाम देने के बाद से ही अभियुक्त पति फ़रार है. बुधवार शाम को पुलिस को अभियुक्त के पड़ोसी ज़िले बलौदाबाज़ार में छिपे होने की सूचना मिली थी, लेकिन पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही वह अपनी लोकेशन बदलकर फ़रार हो गया. पुलिस साइबर सेल की मदद से अभियुक्त के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com