रायगढ़। TODAY छत्तीसगढ़ / थाना छाल क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर पुलिस द्वारा की गई रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस कार्यवाही का विरोध करना और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट साझा करना एक युवक को भारी पड़ गया। समझाइश के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए विवादित पोस्ट हटाने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार छाल पुलिस को ग्राम पंचायत छाल के महाराणा प्रताप चौक स्थित एक महिला के खिलाफ अवैध शराब बिक्री की नामजद शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच और तस्दीक के लिए पुलिस टीम गवाहों के साथ महिला के घर पहुंची और नियमानुसार रेड कार्रवाई शुरू की।
इसी दौरान वहां मौजूद सूरज कमलवंशी नामक युवक पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगा और पुलिसकर्मियों से सर्च वारंट की मांग करने लगा। युवक ने कार्रवाई के दौरान लगातार हस्तक्षेप किया और पुलिस की छवि खराब करने की बात कहते हुए सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट साझा कर दी। बाद में वह शिकायत लेकर एसपी कार्यालय भी पहुंच गया।
एसपी कार्यालय में अधिकारियों ने युवक को स्पष्ट किया कि वैधानिक परिस्थितियों और प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस नियमानुसार बिना सर्च वारंट के भी अवैध शराब के मामलों में कार्रवाई कर सकती है। साथ ही यह भी बताया गया कि पुलिस कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करना और सोशल मीडिया पर गलत एवं भ्रामक जानकारी फैलाना दंडनीय अपराध है।
समझाइश के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उसने फिल्मों में ऐसे दृश्य देखकर सर्च वारंट मांगने जैसी बात कही थी। युवक ने विवादित सोशल मीडिया पोस्ट हटाने और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने का आश्वासन दिया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस कार्यवाही में बाधा डालने और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
