बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / एंटी करप्शन ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलासपुर कलेक्ट्रेट के एक बाबू और सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में सरकारी काम और कार्रवाई में राहत देने के बदले रिश्वत मांगी गई थी।
पहली कार्रवाई बिलासपुर कलेक्ट्रेट में हुई, जहां अतिरिक्त न्यायालय जिला दंडाधिकारी कार्यालय में पदस्थ लिपिक विजय पांडेय को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते ACB टीम ने गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लगाए गए एक लाख रुपए के जुर्माने को कम कराने के बदले रिश्वत की मांग की गई थी। देवेंद्र कश्यप निवासी कोटा ने इसकी शिकायत ACB से की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी बाबू को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। वहीं दूसरी कार्रवाई चंद्रपुर थाना क्षेत्र में की गई। यहां पदस्थ सहायक उप निरीक्षक एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।
बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता शिव प्रसाद बरेठ से मारपीट के एक मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के एवज में आरोपी ASI ने कुल 40 हजार रुपए की मांग की थी। पहली किश्त के रूप में 20 हजार रुपए पहले ही लिए जा चुके थे। दूसरी किश्त लेते समय चंद्रपुर स्थित गुड्डू ढाबा में ACB टीम ने दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों मामलों में ACB द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
