बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम हिंडाडीह में शादी समारोह के दौरान सूने घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पूरी संपत्ति बरामद कर ली गई है।
प्रार्थिया श्यामकली मरावी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 अप्रैल की शाम वह घर में ताला लगाकर शादी कार्यक्रम में गई थी। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर सहित नगदी गायब थे। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 5 लाख 60 हजार रुपये बताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही रामेश्वर यादव (19 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरू में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी रोहित दास मानिकपुरी उर्फ राहुल (27 वर्ष) के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र, हार, लॉकेट, झुमका, चांदी का पायल, करधन, चूड़ा, बिछिया, नगदी ₹14,000 जब्त किया जिसकी कुल कुल कीमत करीब ₹5.60 लाख बताई जा रही है।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने घर के सूने होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया और चोरी का सामान गांव के बाहर जमीन में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर छिपाए गए स्थान से सोने-चांदी के जेवर और नगदी बरामद कर ली।

