Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

गांजा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 3 गिरफ्तार, 1 फरार


रायगढ़ ।
  TODAY छत्तीसगढ़  /  जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। थाना पूंजीपथरा और थाना पुसौर पुलिस की संयुक्त सक्रियता से अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में 23 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तुमीडीह स्थित महुआ चौक के पास कुछ व्यक्ति कार में गांजा लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की।

मौके पर पहुंची पुलिस ने I20 कार सवार दो आरोपियों खिरोधर यादव (जिला जशपुर)और पुरुषोत्तम यादव (ग्राम तुमीडीह) को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी कार क्रमांक CG13BH5917 लेकर फरार हो गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो बैग में रखे कुल 2.728 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 24,500 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 5,000 रुपये नकद भी जब्त किए गए।कुल मिलाकर 29,500 रुपये की जप्ती करते हुए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। 

ग्राहक तलाशते आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा

दूसरी कार्रवाई में थाना पुसौर पुलिस ने 25 अप्रैल को ग्राम औरदा डीपापारा चौक में दबिश देकर एक आरोपी को गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार करते हुए गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में आरोपी साधराम सिदार (71 वर्ष) को मौके से पकड़ा गया। उसके कब्जे से 745 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 7,450 रुपये है, बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन आघात” लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com