Slider

MBBS छात्रा अनुष्का सोन ने जीता ‘मिस इंडिया छत्तीसगढ़’ खिताब,

फेमिना मिस इंडिया के 61वें संस्करण में करेंगी राज्य का प्रतिनिधित्व


रायपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  /  छत्तीसगढ़ के भिलाई की रहने वाली एमबीबीएस छात्रा अनुष्का सोन को फेमिना मिस इंडिया 2026 के 61वें संस्करण के लिए ‘मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026’ चुना गया है। अब वे इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की गई। प्रारंभिक ऑडिशन कोलकाता में आयोजित हुए, जहाँ देशभर से सैकड़ों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद इनमें से पाँच फाइनलिस्ट का चयन किया गया।

आयोजकों के अनुसार, अंतिम चरण मुंबई में आयोजित किया गया, जहाँ सीमित संख्या में पहुँची प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इसी दौर में अनुष्का सोन ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और अभिव्यक्ति क्षमता से निर्णायकों को प्रभावित किया और खिताब अपने नाम किया।

चयन प्रक्रिया के दौरान जज पैनल में फैशन और ग्लैमर जगत से जुड़े कई विशेषज्ञ शामिल थे, जिन्होंने प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, प्रस्तुति और सामाजिक समझ का मूल्यांकन किया। इन मानकों पर खरा उतरते हुए अनुष्का को ‘मिस इंडिया छत्तीसगढ़’ के रूप में चुना गया।

टाइम्स ग्रुप और फेमिना द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता लंबे समय से देश की प्रमुख सौंदर्य प्रतियोगिताओं में शामिल रही है। इस मंच से पहले भी कई प्रतिभागी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं। अब अनुष्का सोन की नजरें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहाँ वे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके इस चयन को राज्य के युवाओं, खासकर छात्राओं के लिए प्रेरणा के रूप में भी देखा जा रहा है।   

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com