Slider

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत ने दिया इस्तीफ़ा


 बिलासपुर।
 TODAY छत्तीसगढ़  /   छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत ने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है। उन्होंने राज्यपाल को पत्र भेजकर अपने त्यागपत्र की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्रिमंडल, प्रशासनिक अधिकारियों और बार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। भारत ने अपने पत्र में लिखा है कि राज्य के प्रथम विधि अधिकारी के रूप में कार्य करना उनके लिए सम्मान की बात रही है। 

अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि—

“मैं महाधिवक्ता के पद से अपना त्यागपत्र दे रहा हूँ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों से मिले सहयोग के लिए मैं कृतज्ञ हूँ। उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष राज्य के हितों की रक्षा के कठिन कार्य में नौकरशाहों और सहयोगियों से पूरा सहयोग मिला।”

प्रफुल्ल भारत ने आगे लिखा—

“महाधिवक्ता कार्यालय के सहयोगियों और बार के सदस्यों का मुझे पूरा समर्थन मिला। मैं महामहिम राज्यपाल का अत्यंत आभारी हूँ कि राज्य के प्रथम विधि अधिकारी के रूप में सेवा करने का अवसर दिया। मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल का भी धन्यवाद जिन्होंने मेरी नियुक्ति के लिए सिफारिश की।” 

लंबा अनुभव, बस्तर से हाई कोर्ट तक का सफर

प्रफुल्ल कुमार भारत का जन्म 22 जून 1966 को हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जगदलपुर में प्राप्त की। स्नातकोत्तर (एमए) की डिग्री लेने के बाद उन्होंने एलएलबी उत्तीर्ण किया और वर्ष 1992 में मध्य प्रदेश बार काउंसिल, जबलपुर में नामांकन कराया।

उन्होंने 1992 से 1995 तक जिला न्यायालय जगदलपुर (जिला बस्तर) में प्रैक्टिस की। इसके बाद 1995 से अक्टूबर 2000 तक उन्होंने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर में और नवंबर 2000 से छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर में अधिवक्ता के रूप में कार्य किया।

उनका इस्तीफ़ा राज्य की प्रशासनिक और कानूनी व्यवस्थाओं के बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com