Slider

LATEST NEWS
Loading Latest News...

महामाया मंदिर में चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जांच चुनौतीपूर्ण रही


TODAY छत्तीसगढ़  /  रतनपुर ( बिलासपुर)। शारदीय नवरात्रि की सप्तमी तिथि की रात महामाया मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात कर्मियों पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान रितिक उर्फ रितेश सूर्यवंशी (22 वर्ष), पिता शिवदत्त सूर्यवंशी, निवासी भेड़ीमुड़ा, रतनपुर के रूप में हुई है। आरोपी को मुखबिर की सूचना पर उसके घर से घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और हमले के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।

घटना 30 सितंबर की रात लगभग 12:30 बजे की है। महामाया मंदिर के कलश भवन की छत पर ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने बताया कि आरोपी मंदिर परिसर में बिजली तार के पास बैठा हुआ था। जब उसे वहाँ से हटने के लिए कहा गया, तो आरोपी ने आक्रोश में आकर “तुम लोग मना करने वाले कौन होते हो” कहते हुए कमर और पेट पर चाकू से वार कर दिया। इस हमले में ड्यूटी पर तैनात कर्मी तथा नवीन गुप्ता नामक व्यक्ति घायल हो गए थे। घटना के बाद पीड़ितों द्वारा आरोपी की पहचान न हो पाने के कारण पुलिस के लिए जांच चुनौतीपूर्ण रही। हालांकि, निरंतर पतासाजी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पहले धारा 109 भा.दं.सं. के तहत अपराध दर्ज किया था, जिसे अब हत्या के प्रयास (धारा 307 भा.दं.सं.) एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत संशोधित किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com
TODAY छत्तीसगढ़
लाइव मार्केट & सराफा