TODAY छत्तीसगढ़ / रायपुर / बलरामपुर के विधायक बृहस्पति सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे मेरी हत्या कराना चाहते हैं। उन्होंने सिंहदेव को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की भी मुख्यमंत्री से की है।
TODAY छत्तीसगढ़ के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें
कल रात बृहस्पति सिंह के काफिले पर हमला किया गया था, जब वे अंबिकापुर से रामानुजगंज वापस लौट रहे थे। रात में ही बृहस्पति सिंह की ओर से घटना की नामदज रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने लुण्ड्रा के जनपद उपाध्यक्ष सचिन सिंहदेव सहित धन्नू राम और संदीप रजक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि यह हमला गाड़ी के और तय किए जाने के कारण किया गया था। कपिल की एक कार का शीशा, पत्थर फेंके जाने के कारण टूटा भी है।
इधर रायपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक बृहस्पति सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि सिंहदेव मेरी हत्या कर राज्य के मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। इसलिए यह हमला किया गया, मेरे जैसे कुछ और विधायकों की भी हत्या हो सकती है। मुख्यमंत्री बघेल से बृहस्पति सिंह ने सिंहदेव को मंत्रिमंडल से तत्काल हटाने की मांग की है और इस बारे में राहुल गांधी और सोनिया गांधी को भी पत्र लिखा है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान बृहस्पति सिंह ने कहा कि सिंहदेव सरगुजा में हिटलर शाही चलाते हैं। दो चार विधायकों की हत्या कराने से अगर वे मुख्यमंत्री बन जाते हैं तो यह पद उनको ही मुबारक हो। वे महाराज और हम आदिवासी विधायक हैं। हम अपनी जान बचाने की कोशिश करेंगे। पर कहेंगे कि ऐसे डराने, धमकाने, गुंडागर्दी करने और दहशत फैलाने वाले लोगों को मंत्री बने रहने का कोई हक नहीं है।
बृहस्पति सिंह के रायपुर पहुंचने पर करीब दो दर्जन विधायक उनसे मिलने पहुंचे जिनमें विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी भी शामिल थे। इनका कहना है कि वे बृहस्पति सिंह का कुशलक्षेम जानने के लिए आए हैं। प्रदेश में यह सियासी तूफान ऐसे वक्त में आया है जब आज से छत्तीसगढ़ विधानसभा का सत्र शुरू हो रहा है और प्रदेश कांग्रेश के प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव पीएल पुनिया भी राजधानी पहुंचे हुए हैं।