[TODAY छत्तीसगढ़] / पेंच नेशनल पार्क सतपुड़ा की पहाड़ियों के दक्षिणी भाग में स्थित है। इस स्थान का नामकरण पेंच नदी के कारण हुआ है जो कि पेंच नेशनल पार्क के साथ-साथ उत्तर से दक्षिण की ओर बहती है। यह पार्क मध्य प्रदेश की दक्षिणी सीमा में महाराष्ट्र के पास स्थित है। महाराष्ट्र सरकार द्वारा इसे 1983 में नेशनल पार्क घोषित किया गया और 1992 में इसे अधिकारिक रूप से भारत का उन्नीसवा टाइगर रिजर्व घोषित किया गया। इस नेशनल पार्क में हिमालयी प्रदेशों के लगभग 210 प्रजातियों के पक्षी आते हैं। अनेक दुर्लभ जीवों और प्रवासी पक्षियों की मेजबानी करने वाला पेंच नेशनल पार्क तेजी से पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहा है। पेंच राष्ट्रीय उद्यान [मध्यप्रदेश] की मशहूर बाघिन 'कॉलरवाली' की ये तस्वीर कई मायनों में ख़ास है। 27 दिसंबर 2018 को चार शावकों को जन्म देने के बाद वो कल पहली बार कैमरे में कैद हुई है। ये दावा नेशनल पार्क के प्रबंधन का है।
अब जरा 'कॉलरवाली' की खासियत भी जान लीजिये, ये सम्भवतः विश्व की पहली ऐसी बाघिन है जिसने आठवीं बार शावकों को जन्म दिया है। दिसंबर में चार शावकों को जन्म देने से पहले तक इस बाघिन के नाम 25 शावकों को जन्म देने का रिकार्ड है। इस बार की संख्या मिला दें तो 29 शावकों को जन्म देने वाली शायद ये पहली बाघिन है। उम्र दराज [14 साल] 'कॉलरवाली' बाई को चार शावकों के साथ इसी माह [12 अप्रैल 19 ] चंद पर्यटकों की भीड़ में मैंने भी कैमरे में कैद किया। इसके पहले इन चार बच्चों के साथ 'कॉलरवाली' की तस्वीर सामने नहीं आई थी। 'सुपर मॉम' के नाम से प्रसिद्ध 'कॉलरवाली' बाघिन का जन्म सितंबर 2005 में हुआ था। T - 15 यानी 'कॉलरवाली' को 11 मार्च 2008 में सुरक्षा के लिहाज रेडियो कॉलर लगाया गया था, तभी से इस बाघिन को 'कॉलरवाली' के नाम से पुकारा जाने लगा। मई 2008 में 'कॉलरवाली' पहली बार माँ बनी, उसने 3 शावकों को जन्म दिया। उसके बाद 2009, 2010 में तीसरी बार माँ बनी। मई 2012 में 3 शावकों को जन्म देकर चौथी बार माँ बनने का गौरव हासिल किया। 2013 में पांचवीं बार फिर 2015 में लगातार 6 वीं बार माँ बनकर 'कॉलरवाली' ने 4 शावकों को जन्म दिया। अप्रैल 2017 में 'कॉलरवाली' सातवीं बार माँ बनी और तीन बच्चों को जन्म देकर 25 शावक जन्म देने का रिकार्ड बनाया। इस बार की संख्या मिलाकर इस 'सुपर मॉम' के नाम 29 शावक जन्म देने का रिकार्ड विभागीय दस्तावेज में दर्ज हो गया है। जानकार बताते हैं की बेहद चालाक और फुर्तीली 'कॉलरवाली' ने इसके पहले यानी 25 में से 21 शावकों को सुरक्षित तरीके से वयस्क किया है। इस बार भी वो अपने शावकों को लेकर सतर्क है और जल्दी उन्हें लेकर सामने नहीं आ रही है।