Slider

प्रिंयका की राजनीति में एंट्री, छत्तीसगढ़ कांग्रेस में ख़ुशी

[TODAY छत्तीसगढ़] / कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव पद के साथ प्रिंयका गांधी की राजनीति में एंट्री हो गई है, जिसका छत्तीसगढ़ के कांग्रेसियों को भी लंबे समय से इंतजार था। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के फैसले से छत्तीसगढ़ कांग्रेस उत्साहित है। बुधवार को प्रदेश मुख्यालय में नेताओं-कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और मिठाइयां भी बांटी। अब पार्टी के नेता चाहते हैं कि लोकसभा चुनाव के लिए प्रियंका की कम से कम एक सभा छत्तीसगढ़ में हो। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम तो जल्द ही प्रियंका को न्योता के लिए दिल्ली जाने देने वाली हैं। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी प्रियंका गांधी के कांग्रेस महासचिव बनने पर शुभकामनाएं दी हैं। 

 छत्तीसगढ़ कांग्रेस का मानना है कि उत्तरप्रदेश में बदले राजनीतिक परिदृश्य के बाद प्रियंका को राजनीति में उतारने का फैसला लिया गया है। इससे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। पहले तो कांग्रेस यही मानकर चल रही थी कि उत्तरप्रदेश में सपा, बसपा के साथ मिलकर लड़ेगी, लेकिन सपा और बसपा ने कांग्रेस को छोड़कर अलग गठबंधन कर लिया। ऐसी स्थिति में कांग्रेस हाईकमान ने पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी और पश्चिम उत्तरप्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया को बनाकर कांग्रेस को राष्ट्रीय परिदृश्य में खड़े करने का बड़ा फैसला लिया है। 
अब छत्तीसगढ़ के परिदृष्य पर बात की जाए, विधानसभा सीटों में कब्जे के लिहाज से देखें, तो लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस बेहद मजबूत है। जिस पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ को भाजपा ने तीसरी शक्ति बताया था, उसका विखंडन जारी है। उसके कई नेता कांग्रेस में आने के लिए बेताब हैं, लेकिन कांग्रेस ही उनके लिए एकदम से द्वार नहीं खोल रही है। भाजपा अंदस्र्नी कलह से जूझ रही है। उसके बाद भी कांग्रेस नेताओं का मानना है कि प्रियंका की सभा पार्टी को और मजबूत करेगी, क्योंकि प्रियंका में लोग उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की छवि देखते हैं। कांग्रेसियों का कहना है कि खासकर बस्तर के आदिवासियों के बीच प्रियंका पहुंचेंगी तो उसका फायदा जरूर मिलेगा।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com