बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़ / जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान जिलेभर में 49 कबाड़ियों की जांच की गई, जिसमें आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर 40 कबाड़ गोदामों को सील कर दिया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित कबाड़ गोदामों और कारोबारियों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान कारोबार से संबंधित वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए गोदामों को सील कर दिया।
अवैध कबाड़ कारोबार पर चला पुलिस का बुलडोजर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक संबंधित कारोबारियों के दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसी दौरान थाना मस्तूरी क्षेत्र में कबाड़ से भरे एक वाहन को भी जब्त किया गया। वहीं 18 कबाड़ियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त और बिना दस्तावेज कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।



