पुलिस ने ध्वस्त किया अंतर्राज्यीय शराब तस्करी का नेटवर्क, तीन आरोपी गिरफ्तार


राजनांदगांव।
 TODAY छत्तीसगढ़  /  राजनांदगांव पुलिस ने अवैध शराब कारोबार और अंतर्राज्यीय तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मध्यप्रदेश निर्मित 81 बल्क लीटर शराब और एक ओला ईवी स्कूटी जब्त की है। मामले में मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक जिले में बीते छह माह के दौरान अंतर्राज्यीय शराब तस्करों के खिलाफ यह 10वीं बड़ी कार्रवाई है। इस दौरान करीब 11 लाख रुपये मूल्य की 880 लीटर शराब जब्त की जा चुकी है। जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 7 मई 2026 को पुलिस चौकी मोहारा, थाना डोंगरगढ़ को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मोहारा निवासी नंदकिशोर वर्मा उर्फ नीतू उर्फ छोटा कट्टी कोटरीछापर रोड स्थित मुढिया नाला के पास भारी मात्रा में अवैध शराब डंप कर बिक्री कर रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने लगे, जिनमें से तीन आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब को स्वीफ्ट डिजायर कार से मंगाकर बिक्री की जाती थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की की नौ पेटियां, कुल 450 पौवा यानी 81 बल्क लीटर शराब और एक ओला ईवी स्कूटी क्रमांक CG 08 BB 4537 जब्त की। जब्त मशरुका की कीमत करीब 1 लाख 10 हजार 750 रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में देवव्रत वर्मा, चुम्मन सिन्हा और महेन्द्र वर्मा शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 36 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार विगत एक माह में जिले में आबकारी एक्ट के 135 से अधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें करीब 147 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

कलेक्टर ने की जनगणना कर्मियों के कामों की सराहना, मकान सूचीकरण में बिलासपुर अव्वल

बिलासपुर। TODAY छत्तीसगढ़  /  राष्ट्रीय जनगणना 2026 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को आज मंथन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मालूम हो कि बिलासपुर जिले के सभी 26 जनगणना चार्ज में 100 प्रतिशत एचएलबी (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) में कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा लगभग 18 प्रतिशत क्षेत्रों में कार्य पूर्ण भी किया जा चुका है। कार्य पूर्णता की दिशा में बिलासपुर जिला वर्तमान में पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान पर है।

       कलेक्टर ने सभी 26 चार्ज से ऐसे प्रगणकों और सुपरवाइजरों को सम्मानित किया, जिन्होंने कम समय में अधिकाधिक मकानों तक पहुंचकर मकान सूचीकरण का कार्य तेजी और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया।नगर पंचायत मल्हार के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अनुभव सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने नगर पंचायत मल्हार क्षेत्र का 100 प्रतिशत मकान सूचीकरण मात्र 5 दिनों में पूर्ण कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। इसी प्रकार बिलासपुर तहसीलदार श्री प्रकाश चंद्र साहू को भी उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए सम्मानित किया गया। उनके मार्गदर्शन में तहसील स्तर पर 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर प्रदेश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया गया।

      सम्मानित प्रगणकों में नगर पंचायत मल्हार के नवीन लाल देवांगन (174 मकान), नगर पंचायत बिल्हा के कुलेश्वर साहू (200), तहसील सकरी के संदीप ठाकुर (272), सीपत के तरुण जायसवाल (262), मस्तूरी के संजय कुमार राय (236), पचपेड़ी के ओंकार प्रसाद सेन (222), रतनपुर के जितेंद्र कुमार दीक्षित (162), बिलासपुर तहसील की आशा डेहरिया (278) एवं आशीष पांडे (249), तखतपुर के अजय दास दाहिरे (192), बेलतरा के गोपीचंद राज (266), बोदरी की दीपिका श्रीवास्तव (176), नगर पालिका परिषद बोदरी के आशुतोष पांडे (329) सहित अन्य प्रगणकों को सम्मानित किया गया।

       नगर निगम बिलासपुर के विभिन्न जोनों से भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने पांच दिनों के भीतर अपना मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण किया। कार्यक्रम में सभी चार्ज के शीर्ष 10 प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए जिसमें प्रगणक शशांक पांडेय का नाम भी शामिल है। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री शिव कुमार बनर्जी तथा सहायक जिला जनगणना अधिकारी श्री झील जायसवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने जनगणना कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के लिए मैदानी अमले की सराहना की।

ट्रांसपोर्ट नगर में बुलेट सवार बदमाशों का आतंक, लूट और मारपीट के दो आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / चकरभाठा पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में लूट और मारपीट की वारदात को अंजाम देने वाले बुलेट सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक बुलेट मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल 2026 की रात ट्रक ड्राइवर सोनू बाजरा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित साहू ढाबा से खाना खाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल में सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और मोबाइल फोन तथा पांच हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

इसके कुछ दिन बाद 4 मई को उसी क्षेत्र में गुलशन साहू के साथ आरोपियों ने लोहे की रॉड और बुलेट की चाबी से मारपीट कर दी। घटना में युवक को चोटें आईं। दोनों मामलों में थाना चकरभाठा में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और हुलिए के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में राहुल साहू निवासी सिरगिट्टी और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों से एक मोबाइल, 3700 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

नोट गिनने की मशीन और आईफोन के साथ सटोरिये गिरफ्तार


रायगढ़। 
 TODAY छत्तीसगढ़  / आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर शिकंजा कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पांच सक्रिय सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.70 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, महंगे मोबाइल फोन समेत लगभग 4.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के डिजिटल लेनदेन और तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए हैं।  

ऑफिस में चल रहा था सट्टा

पहली कार्रवाई में पुलिस ने कोतरारोड़ बायपास स्थित आर.एस. ट्रेडिंग कंपनी के कार्यालय में दबिश दी। यहां साकेत सिंघानिया को मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पकड़ा गया। जांच में मोबाइल से बेटिंग आईडी, व्हाट्सएप चैट, यूपीआई लेनदेन और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विवो मोबाइल और आईफोन-13 प्रो जब्त किया।

राशन दुकान से संचालित था नेटवर्क

दूसरी कार्रवाई में पुराना पंजाब नेशनल बैंक के पास एक राशन दुकान में चल रहे ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से रितेश डालमिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चांदमारी क्षेत्र में दबिश देकर रौनक मोदनवाल और उसकी पत्नी प्रियंका हलवाई को हिरासत में लिया। आरोपियों के पास से आईफोन, विवो और सैमसंग मोबाइल, 2.69 लाख रुपये नकद तथा नोट गिनने की मशीन बरामद की गई।

किराए के मकान से ऑनलाइन बेटिंग

तीसरी कार्रवाई में संजय मैदान रामभांठा क्षेत्र स्थित किराए के मकान में पुलिस ने प्रदीप कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल फोन में क्रिकेट गुरु एप, फोन-पे ट्रांजेक्शन और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े रिकॉर्ड मिले। पुलिस को करीब 89 हजार रुपये के डिजिटल लेनदेन के प्रमाण भी प्राप्त हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी पिंटू हलवाई की तलाश जारी है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

© all rights reserved TODAY छत्तीसगढ़ 2018
todaychhattisgarhtcg@gmail.com